Collector-SP Conference में सीएम साय बोले— नशे से बढ़ते हैं अपराध, करें सख्त कार्रवाई
Collector-SP Conference
रायपुर। Collector-SP Conference: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को चल रही कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे से अन्य अपराधों को बढ़ावा मिलता है, इसलिए इसके खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाया जाए। सीएम ने खासतौर पर अंतरराज्यीय सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने और PIT NDPS Act के तहत समय-सीमा में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
युवाओं को जागरूक करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशाखोरी न केवल अपराधों को जन्म देती है बल्कि यह युवाओं के भविष्य को भी बर्बाद करती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता मुहिम चलाई जाए, ताकि युवा इसके दुष्प्रभाव से बच सकें।
सीएम साय ने यह भी कहा कि समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी होगी।
महिला एवं बाल अपराधों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई का निर्देश
बैठक के दौरान सीएम साय ने महिला और बालिका से जुड़े अपराधों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि इन मामलों में निर्धारित समयावधि के भीतर चालान प्रस्तुत किए जाएं, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
साइबर क्राइम पर भी हुई गहन समीक्षा
कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में साइबर क्राइम और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों की भी गहन समीक्षा की गई। सीएम साय ने कहा कि साइबर अपराधों के तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए लोगों को जागरूक करने और इंटर-डिपार्टमेंटल समन्वय बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार और साइबर जागरूकता अभियान को और मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में राज्य में 5 साइबर थाने संचालित हैं, और जल्द ही 9 नए साइबर थाने शुरू किए जाएंगे।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, रेंज आईजी, कलेक्टर, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था, आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और जिलों के परफॉर्मेंस की समीक्षा भी की गई।
