Col. Sofiya Qureshi Viral Video: ‘मैं मुसलमान हूं मगर…’, कर्नल सोफिया कुरैशी का वीडियो हो रहा वायरल, जानें इसकी सच्चाई
Col. Sofiya Qureshi Viral Video
Col. Sofiya Qureshi Viral Video: ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के पराक्रम और नेतृत्व का प्रतीक बन चुकीं कर्नल सोफिया कुरैशी इन दिनों चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके साहस और देशभक्ति की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लेकिन इसी दौरान एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें लेकर भ्रामक और मनगढ़ंत बातें कही जा रही हैं।
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
वायरल हो रहे 18 सेकंड के वीडियो में एक महिला कर्नल सोफिया कुरैशी के चेहरे के साथ नजर आ रही है। उसमें वह कहती सुनाई देती हैं –
“मैं मुसलमान हूं लेकिन पाकिस्तानी नहीं। मैं मुसलमान हूं मगर आतंकवादी नहीं। आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता, मैं बिना धर्म पूछे हर आतंकवादी को अपने हाथों से मारने का जिगरा रखती हूं।”
वीडियो की हकीकत: डीपफेक तकनीक से तैयार
इस वीडियो की जांच में सामने आया है कि यह पूरी तरह से फेक है। इसे डीपफेक तकनीक के ज़रिए बनाया गया है, जिसमें कर्नल सोफिया का चेहरा तो लगाया गया है, लेकिन आवाज किसी और की डाली गई है। उन्होंने ऐसा कोई बयान न तो सार्वजनिक मंच से दिया है और न ही किसी वीडियो में।
सोशल मीडिया पर फेक वीडियो की आलोचना
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसकी सच्चाई पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, “यह एआई जनरेटेड लग रहा है, कोई भी इतना स्क्रिप्टेड संवाद नहीं बोलता।”
वहीं एक अन्य यूजर ने चेतावनी दी, “ऐसे डीपफेक वीडियो बनाना अपराध है। किसी ने शिकायत कर दी तो जेल हो सकती है।”
कानूनी नज़रिए से डीपफेक है गंभीर अपराध
साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि डीपफेक वीडियो बनाकर किसी की पहचान और छवि से छेड़छाड़ करना आईटी एक्ट के तहत अपराध है। ऐसा करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। सरकार और जांच एजेंसियां पहले ही इस तरह की फर्जी सामग्री के खिलाफ सख्ती दिखा चुकी हैं।
विजय शाह के विवादित बयान ने बढ़ाया मामला
इस पूरे प्रकरण के बीच मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह का विवादित बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा –
“जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, हमने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी-तैसी कर दी।”
इस बयान को लेकर कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विजय शाह को मंत्री पद से हटाने की मांग की है।
अफवाहों से बचें, तथ्यों की करें पुष्टि
कर्नल सोफिया कुरैशी से जुड़ा वायरल वीडियो पूरी तरह से नकली है और इसे फेक तरीके से बनाया गया है। आम जनता से अपील है कि किसी भी वीडियो या जानकारी को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। सोशल मीडिया पर फैल रही झूठी खबरें न केवल समाज में भ्रम फैलाती हैं, बल्कि देश की सुरक्षा और गरिमा को भी नुकसान पहुंचाती हैं।
