रायपुर में पाकिस्तानी ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा, 8 पैडलर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में सक्रिय पाकिस्तानी ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 और पैडलरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पूछताछ जारी है। इससे पहले पुलिस ने इसी नेटवर्क से जुड़े 9 आरोपियों को हिरासत में लिया था, जिनमें मास्टरमाइंड लवजीत सिंह और सुवित श्रीवास्तव शामिल हैं।

रिमांड के दौरान मिली नई जानकारी

पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान 8 अन्य पैडलरों के बारे में पता चला। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मोबाइल से ड्रग्स के ऑर्डर और भुगतान संबंधी विवरण मिले हैं, जिसके आधार पर नए संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

कैसे चल रहा था ड्रग्स का कारोबार?

रायपुर में बड़े पैमाने पर ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी। आरोपियों द्वारा कुरियर सेवाओं और घर पहुंच डिलीवरी के जरिए ड्रग्स बेचा जा रहा था। राजातालाब और आसपास के इलाकों से पकड़े गए पैडलर सुवित श्रीवास्तव के निर्देश पर काम करते थे। पुलिस ने सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिनमें ड्रग्स लेन-देन की चैटिंग और भुगतान के सबूत मिले हैं।

कोडवर्ड और वॉट्सऐप ग्रुप का इस्तेमाल

लवजीत सिंह और सुवित श्रीवास्तव ने वॉट्सऐप ग्रुप बनाकर ड्रग्स की सप्लाई के लिए कोडवर्ड का इस्तेमाल किया। पुलिस अब इनके बैंक खातों की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाया जा सके।

Youthwings