सस्पेंड हुआ अकाउंट, लेकिन नहीं रुकी आवाज! Cockroach Janta Party ने दिल्ली से किया बड़ा ऐलान

Cockroach Janta Party Delhi Press Conference

Cockroach Janta Party ने तीन नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति; NEET-UG गड़बड़ी, शिक्षा व्यवस्था और जवाबदेही के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

सोशल मीडिया से गायब होने के बाद अब ‘Cockroach Is Back’ के साथ Cockroach Janta Party ने जोरदार वापसी की है। दिल्ली में हुई पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी ने NEET परीक्षा विवाद को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए, आखिर क्या है CJP की नई रणनीति और क्यों बढ़ सकती है सरकार की मुश्किलें? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।

Cockroach Janta Party Delhi Press Conference: ‘Cockroach Is Back’ के साथ लौटी CJP, शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा

Cockroach Janta Party (CJP) ने दिल्ली में अपनी पहली आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा छेड़ दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पुराने अकाउंट के सस्पेंड होने के बाद पार्टी ने ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया अकाउंट लॉन्च करते हुए अपनी वापसी का ऐलान किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी ने तीन नए चेहरों को अपनी टीम में शामिल किया। सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका को पार्टी का आधिकारिक प्रवक्ता बनाया गया। इन नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रबंधन और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

NEET-UG विवाद को बनाया मुख्य मुद्दा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। CJP ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि केवल अधिकारियों के तबादले से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने CBSE चेयरमैन और सचिव के ट्रांसफर को महज दिखावटी कार्रवाई बताते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।

Cockroach Janta Party

उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को पारदर्शिता और जवाबदेही दिखानी चाहिए।

सरकार और विपक्ष दोनों से बातचीत को तैयार

Cockroach Janta Party नेताओं ने दावा किया कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं है, बल्कि छात्रों और युवाओं के हितों के लिए है। पार्टी ने कहा कि वह शिक्षा सुधार के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष दोनों से बातचीत करने को तैयार है।

पार्टी का कहना है कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों के बीच असंतोष बढ़ रहा है और इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की जरूरत है।

सोनम वांगचुक का मिला समर्थन

पार्टी नेताओं ने दावा किया कि उनकी इस मुहिम को प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता Sonam Wangchuk का भी ऑनलाइन समर्थन मिला है। CJP का कहना है कि शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन उन्हें मिल रहा है।

6 जून को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन

इस बीच पार्टी के संस्थापक Abhijit Dipke 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचने वाले हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, अभिजीत दिपके संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे।

CJP ने 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन में देशभर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से शामिल होने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र में सुधार की मांग का प्रतीक है।

युवाओं के बीच बढ़ाने की कोशिश

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए पहचान बनाने वाली Cockroach Janta Party अब खुद को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की कोशिश कर रही है। पार्टी की रणनीति युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के मुद्दों को केंद्र में रखकर अपनी पकड़ मजबूत करने की दिखाई दे रही है।

फिलहाल 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन और अभिजीत दिपके की दिल्ली वापसी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि CJP का यह अभियान केवल सोशल मीडिया तक सीमित रहता है या फिर जमीनी राजनीति में भी प्रभाव छोड़ता है।

यह भी पढ़ें: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन, फॉलोअर्स से की एयरपोर्ट पर मिलने की अपील

Youthwings