सिस्टम के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे युवा, अभिजीत दीपके ने दी आंदोलन की तारीख… दिल्ली में जुटेंगे हजारों छात्र?

6 जून को दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू करने का दावा, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं पर जवाबदेही तय करने की मांग

 

देशभर में चर्चा का विषय बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग को लेकर वह 6 जून को भारत लौटेंगे और शांतिपूर्ण जनआंदोलन की शुरुआत करेंगे।

 

छात्रों और युवाओं से समर्थन की अपील

 

वर्तमान में अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में छात्रों, युवाओं और समर्थकों से दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली से जुड़े लगातार विवादों और कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, इसलिए अब जवाबदेही तय किए जाने की आवश्यकता है।

 

लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का आह्वान

 

वीडियो संदेश में दीपके ने कहा, “समय आ गया है कि हम सभी भारतीय संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों के तहत एकजुट हों और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें। यदि देशभर के छात्र और नागरिक साथ आएंगे, तो हमारी मांगों को अनदेखा नहीं किया जा सकेगा।”

 

दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी

 

दीपके ने बताया कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने समर्थकों से हवाई अड्डे पर स्वागत करने की अपील की है। इसके बाद वे अपने सहयोगियों के साथ संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

 

परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल

 

अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी विवादों और प्रशासनिक चूकों के कारण छात्रों में असंतोष और चिंता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर स्पष्ट जवाब देने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

 

युवाओं के बीच बढ़ी लोकप्रियता

 

गौरतलब है कि अभिजीत दीपके द्वारा शुरू किया गया ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नामक युवा-केंद्रित सोशल मीडिया अभियान हाल के महीनों में तेजी से चर्चा में आया है। इस पहल को बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला है। साथ ही कई चर्चित सार्वजनिक हस्तियों ने भी इस अभियान के प्रति समर्थन व्यक्त किया है।

 

हालांकि आंदोलन और उसकी मांगों को लेकर आगे क्या रुख अपनाया जाएगा, इस पर सभी की निगाहें 6 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं।

Youthwings