कोयला तस्करी केस: ED की ताबड़तोड़ रेड, I-PAC कनेक्शन पर बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद में छापेमारी
कोयला तस्करी केस
पश्चिम बंगाल में कथित करोड़ों रुपये के कोयला तस्करी घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई शहरों में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई राजनीतिक सलाहकार संस्था I-PAC से जुड़े ठिकानों पर की गई, जिसमें हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली शामिल हैं। एजेंसी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के नेटवर्क की जांच कर रही है।
बेंगलुरु में ऋषि राज सिंह के घर जांच
सूत्रों के मुताबिक, ED ने बेंगलुरु में ऋषि राज सिंह के आवास पर भी तलाशी ली। बताया जा रहा है कि I-PAC से जुड़े कुछ प्रमुख लोगों की भूमिका को लेकर एजेंसी जांच कर रही है। I-PAC वही संस्था है जो तृणमूल कांग्रेस (TMC) को चुनावी रणनीति और आईटी-मीडिया मैनेजमेंट में सलाह देती है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले जनवरी में भी ED ने कोलकाता में I-PAC के दफ्तर और इसके निदेशक प्रतीक जैन के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद साल्ट लेक स्थित कार्यालय पहुंची थीं, जिससे मामला काफी सुर्खियों में आ गया था।
ED ने अदालत में आरोप लगाया था कि उस दौरान कुछ अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस वहां से हटाए गए थे। हालांकि, ममता बनर्जी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बताया था।
हवाला के जरिए फंडिंग का आरोप
जांच एजेंसी का दावा है कि कोयला तस्करी से जुड़े करीब 10 करोड़ रुपये हवाला चैनलों के माध्यम से I-PAC तक पहुंचाए गए। इसके अलावा यह भी सामने आया है कि इस फर्म को 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका के लिए TMC से भुगतान मिला था।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
ED ने इस पूरे मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। एजेंसी ने राज्य सरकार पर जांच में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली में छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इस दौरान कई महत्वपूर्ण डिजिटल और वित्तीय सबूत हाथ लग सकते हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।
READ MORE : महासमुंद कांग्रेस कार्यालय में हंगामा: पदाधिकारियों के बीच मारपीट और तोड़फोड़
