CM Vishnu deo Sai Japan Tour: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पहला विदेश दौरा, जापान और दक्षिण कोरिया के लिए रवाना
CM Vishnu deo Sai Japan Tour
रायपुर। CM Vishnu deo Sai Japan Tour: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। वे जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं, जहां वे निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को लेकर चर्चाएं करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश के भविष्य और विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
अफसरों की टीम भी साथ
मुख्यमंत्री साय के साथ राज्य के शीर्ष अधिकारी भी विदेश यात्रा पर गए हैं। इनमें मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार शामिल हैं। यह टीम विदेशी प्रतिनिधियों और इंडस्ट्रियलिस्ट्स से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश और नई तकनीक लाने के अवसरों पर चर्चा करेगी।
ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान के ओसाका (Osaka) में आयोजित होने वाले विश्व एक्सपो (World Expo) में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे बड़े और नामी उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे और छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को लेकर संवाद करेंगे। साथ ही रोजगार सृजन और नई टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर भी चर्चा की जाएगी।
कैबिनेट बैठक और नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री की इस विदेश यात्रा के चलते राज्य मंत्रिमंडल की बैठक, जो बुधवार को होनी थी, उसे पहले ही मंगलवार को आयोजित किया गया। इसके अलावा बुधवार को तीन नए मंत्रियों को शपथ भी दिलाई गई, ताकि मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में शासन की कार्यप्रणाली प्रभावित न हो।
प्रदेशवासियों की उम्मीदें
यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पहला विदेश दौरा है। ऐसे में प्रदेश के लोग इस यात्रा से काफी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। उन्हें विश्वास है कि इस दौरे से बड़े निवेशक छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित होंगे और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री 31 अगस्त को रायपुर लौटेंगे।
