नारायणपुर से लौटते वक्त CM साय के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, BSF हेलीकॉप्टर से सुरक्षित रायपुर पहुंचे

CM साय

CM साय

नारायणपुर जिले से रायपुर लौटने से ठीक पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आई। हालांकि, सुरक्षा मानकों और तय प्रोटोकॉल के तहत स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।

BSF के हेलीकॉप्टर से कराई गई सुरक्षित वापसी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नारायणपुर प्रवास के दौरान विभिन्न शासकीय और जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। कार्यक्रमों के समापन के बाद जब वे रायपुर लौटने की तैयारी कर रहे थे, उसी दौरान उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या आ गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री को रायपुर के लिए रवाना किया।

तकनीकी टीम कर रही हेलीकॉप्टर की जांच

घटना के बाद संबंधित तकनीकी टीम द्वारा हेलीकॉप्टर की गहन जांच की जा रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षा नियमों के तहत की जा रही है।

रायपुर में उच्च स्तरीय बैठक में लेंगे हिस्सा

रायपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे। इस अहम बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ में कृषि, पंचायत विकास और ग्रामीण योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है।

read more : महिला सेना पुलिस भर्ती रैली: छत्तीसगढ़ की बेटियों को 23 फरवरी को मिलेगा देश सेवा का अवसर

 

Youthwings