CG Morning News : CM साय आज दिवाली मिलन कार्यक्रम में करेंगे शिरकत…

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

CG Morning News : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृहग्राम बगिया से रायपुर पहुंचेंगे और राजभवन में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 12:00 बजे बगिया स्थित अपने निवास से रवाना होंगे, 12:05 बजे बगिया हेलीपैड से कनसाबेल के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 1:15 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड पर पहुंचेंगे। शाम 6:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से राजभवन के लिए रवाना होकर दीपावली मिलन समारोह में भाग लेंगे।

दिल्ली में कांग्रेस की संगठन सृजन पर अहम बैठक कल

कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन को लेकर कल दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता महासचिव केसी वेणुगोपाल करेंगे। इसमें एआईसीसी ऑब्जर्वर के साथ वन-टू-वन चर्चा होगी तथा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रमुख नेताओं से भी व्यक्तिगत बातचीत की जाएगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव शामिल होंगे, जबकि जिलाध्यक्षों के चयन पर भी विस्तृत चर्चा होगी।

जीएनएम नर्सिंग प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग आज से शुरू

संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने सत्र 2025-26 के लिए शासकीय एवं निजी जीएनएम प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू कर दी है, जो 28 नवंबर तक चलेगी। ऑनलाइन आवेदन 22 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 31 अक्टूबर शाम 4 बजे तक किए जा सकेंगे। प्रारंभिक सूची 3-4 नवंबर को जारी होगी, प्रथम चरण की काउंसलिंग 5 से 8 नवंबर तक होगी, हितग्राही सूची 10-11 नवंबर को तथा चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 12-14 नवंबर तक पूरा होगा। मॉप-अप राउंड 15-17 नवंबर तक चलेगा, अंतिम सीट आवंटन 24-25 नवंबर को तथा अंतिम प्रवेश 26-28 नवंबर तक संपन्न होगा।

दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की-मध्यम बारिश की संभावना

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दाब क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना से दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से मध्य एवं दक्षिणी क्षेत्रों में वर्षा वितरण बढ़ेगा, जबकि आज एक-दो स्थानों पर हल्की-मध्यम वर्षा संभव है। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, साथ ही जगदलपुर, मानपुर, छोटेडोंगर, बस्तर और लोहांडीगुड़ा में 1 सेमी बारिश हुई।

रायपुर में आज मेघमय मौसम, 2 दिन बाद फिर बारिश की संभावना

राजधानी रायपुर में आज आकाश मेघमय रहेगा, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज एक-दो स्थानों पर हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है तथा 2 दिन बाद फिर वर्षा की स्थिति बनने की संभावना है।

Youthwings