Morning News: ईद-ए-मिलाद की छुट्टी बदली, सीएम की बैक-टू-बैक मीटिंग, NHM कर्मचारियों पर कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सुबह कई अहम फैसलों और बैठकों से शुरू हो रही है। सरकार ने ईद-ए-मिलाद की छुट्टी की तारीख बदल दी है, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में बैक-टू-बैक समीक्षा बैठकों में व्यस्त रहेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की हड़ताल के बीच सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी है।
ईद-ए-मिलाद की छुट्टी अब 5 सितंबर को
सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर बताया है कि अब राज्य में ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) की छुट्टी 6 सितंबर के बजाय 5 सितंबर को रहेगी। उर्दू कैलेंडर के मुताबिक ईद मिलादुन्नबी की तारीख 5 सितंबर तय हुई है।
सीएम साय की लगातार बैठकें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में कई विभागों की समीक्षा करेंगे।
- दोपहर 2:30 बजे जल संसाधन विभाग की बैठक
- शाम 4 बजे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम की बैठक
इसके बाद शाम 6 बजे सीएम निवास लौटेंगे।
NHM हड़ताल पर बड़ी कार्रवाई
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 25 अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई 29 अगस्त को जारी आदेश का पालन न करने पर की है। उस आदेश में सभी कर्मचारियों को हड़ताल खत्म कर तुरंत काम पर लौटने को कहा गया था।
बीजेपी का सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। कार्यक्रम मंडल स्तर तक आयोजित होंगे, जिनमें संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान, नमो पार्क का विकास और शैक्षणिक संस्थानों में प्रधानमंत्री की जीवनी का प्रदर्शन शामिल रहेगा।
ड्रग्स केस में नव्या मलिक और अयान परवेज कोर्ट में पेश
एमडीएमए ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तार नव्या मलिक और अयान परवेज की रिमांड आज खत्म हो रही है। पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश करेगी। यह गिरफ्तारी दिल्ली, मुंबई और विदेश से जुड़े नेटवर्क की जांच के दौरान हुई थी।
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आज
नवनियुक्त उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा आज महानदी भवन नवा रायपुर में सुबह 11:30 बजे उच्च शिक्षा विभाग की बैठक लेंगे। इसके अलावा दोपहर 2:30 बजे सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
