CM रेखा गुप्ता की सुरक्षा में बड़ा बदलाव: दी गई जेड कैटेगरी सिक्योरिटी, अब सीआरपीएफ के जवान रहेंगे तैनात
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त (बुधवार) को हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद्र सरकार ने उन्हें जेड कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। अब उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के जवान संभालेंगे।
घटना के बाद बड़ा फैसला
जनसुनवाई के दौरान सीएम आवास पर अचानक एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद केंद्र ने उनकी सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाए। गुरुवार से सीएम आवास और कार्यालय के बाहर सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस की भूमिका बदली
अब तक सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा दिल्ली पुलिस के जवानों के पास थी, लेकिन अब आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा सीआरपीएफ को सौंपा गया है। दिल्ली पुलिस केवल बाहरी सुरक्षा घेरे की निगरानी करेगी।
क्या है जेड कैटेगरी की सुरक्षा?
जेड कैटेगरी देश की सबसे हाई-लेवल सुरक्षा व्यवस्थाओं में से एक है। इस श्रेणी के तहत 20 से अधिक सुरक्षाकर्मी, क्लोज प्रोटेक्शन गार्ड, ड्राइवर और एस्कॉर्ट व्हीकल हमेशा सीएम के साथ रहेंगे। आमतौर पर यह सुरक्षा उन लोगों को दी जाती है, जिन्हें गंभीर खतरे की आशंका रहती है।
