‘औकात’ बयान पर मचा बवाल, सीएम की माफी के बाद भी नहीं बदले कैलाश विजयवर्गीय के तेवर
भोपाल में बजट सत्र के दौरान दिए गए ‘औकात में रहो’ बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा माफी मांगे जाने के बाद भी संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के तेवर नरम नहीं पड़े हैं।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अदाणी ग्रुप से जुड़े मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसी दौरान विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा, “औकात में रहो!” बयान के बाद सदन में हंगामा बढ़ गया और विपक्ष ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अफसोस जताया, वहीं मुख्यमंत्री ने मंत्री की ओर से माफी मांगी।
हालांकि बाद में मीडिया से बातचीत में विजयवर्गीय ने कहा, “कप्तान है वो तो यार, माफी मांगी तो क्या हो गया।” उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “जुबान पर शनि बैठा है या नहीं, ये किसी ज्योतिषी से पूछूंगा।”
विपक्ष का हमला
उमंग सिंघार ने कहा कि मंत्री किसान, युवा और बेरोजगारों को भी ‘औकात’ बता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में सार्थक चर्चा की बजाय अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। इसे देखते हुए विजयवर्गीय के बंगले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रास्तों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि विपक्ष के लोग मुट्ठीभर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि घेराव किया गया तो जवाब दिया जाएगा और विपक्ष को माफी मांगनी चाहिए।
