सरकारी दफ्तर में आदिवासी महिला से अभद्रता, 3 घंटे तक थाने में बैठाकर किया अपमान, शौचालय जाने तक नहीं दी अनुमति!
कवर्धा। बोडला एसडीओपी कार्यालय में पदस्थ क्लर्क सतीश उपाध्याय पर आदिवासी महिला से बदसलूकी का गंभीर आरोप लगा है। लखनपुरखुर्द निवासी पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तीन घंटे तक थाने में बिठाकर रखा, पानी तक नहीं दिया
पीड़िता का आरोप है कि उन्हें और उनके पति को थाने में लगभग तीन घंटे तक बैठाकर अपमानित किया गया। इस दौरान उन्हें पानी पीने और शौचालय जाने की भी अनुमति नहीं दी गई। महिला ने बताया कि क्लर्क सतीश उपाध्याय ने पूरे समय अभद्र व्यवहार और अपमानजनक बातें कीं।
जांच पर उठे सवाल, सीसीटीवी फुटेज नहीं खंगाला गया
महिला ने आवेदन में यह भी कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही। आरोप है कि आरोपी को बचाने के लिए झूठे गवाह खड़े किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच तक नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए और आरोपी क्लर्क को तुरंत एसडीओपी कार्यालय से हटाया जाए, ताकि वह जांच को प्रभावित न कर सके।
समाज का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
घटना से आक्रोशित ग्रामीण और समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस अधीक्षक का बयान
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।
