अभिजीत दिपके समेत CJP के 3 नेताओं को कोर्ट से मिली जमानत: आज फिर जंतर-मंतर कूच का ऐलान, AAP और वाम दल भी साथ

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली की सड़कों पर शुरू हुआ सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली की एक अदालत ने हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को जमानत देते हुए तत्काल रिहा करने का आदेश जारी किया है। मजिस्ट्रेट कोर्ट से राहत मिलने के तुरंत बाद संगठन ने आज एक बार फिर जंतर-मंतर कूच करने का ऐलान कर दिया है, जिसके चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर कड़ा कर दिया गया है।

परिजनों का दिल्ली पुलिस पर बड़ा आरोप: ‘दादी के निधन के बाद भी संपर्क नहीं होने दिया’

इधर, अभिजीत दिपके की रिहाई से पहले उनके परिवार ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। पिता भगवान दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार गुमराह करती रही और परिवार का बेटे से संपर्क नहीं होने दिया गया। वहीं, मां अनीता ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने लगातार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं कराई गई और दिल्ली पुलिस झूठ बोलती रही। उन्होंने कहा कि अगर अभिजीत को अपनी दादी के निधन की खबर मिलती तो वह सब छोड़कर तुरंत पहुंच जाता, लेकिन पुलिस के रवैये के चलते परिवार को उनके अंतिम दर्शन के लिए अंतिम संस्कार तक रोक कर रखना पड़ा।

AAP, AISA और SFI का मिला समर्थन; केजरीवाल बोले- ‘शहर-शहर जंतर-मंतर बनाओ’

जंतर-मंतर पर आज होने वाले नए प्रदर्शन को कई विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का खुला समर्थन मिल गया है। आम आदमी पार्टी के अलावा वामपंथी छात्र संगठन आइसा और SFI भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CJP के आंदोलन का समर्थन करते हुए देशवासियों से अपील की है कि वे लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के अधिकार की रक्षा के लिए शहर-शहर जंतर-मंतर का निर्माण करें।

जंतर-मंतर पर 7 लेयर बैरिकेडिंग, धारा 163 लागू और सभी रास्ते सील

CJP के नए कूच के ऐलान को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया है। पूरे लुटियंस इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जंतर-मंतर के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सात स्तरीय मजबूत बैरिकेड्स खड़े किए गए हैं और वहां आने वाले सभी प्रमुख मार्गों को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी से पैनी नजर रखी जा रही है और पुलिस रिकॉर्डेड संदेशों के जरिए लाउडस्पीकर से लोगों को लगातार अलर्ट कर रही है। इसके साथ ही दिल्ली के सभी अंतरराज्यीय बॉर्डर्स पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां बाहर से आने वाली गाड़ियों की गहन जांच की जा रही है।

लुटियंस और सेंट्रल दिल्ली के 30 रूट डायवर्ट, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि सेंट्रल और लुटियंस दिल्ली के करीब 30 प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके चलते जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, आईटीओ और धौला कुआं जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों की रफ्तार धीमी रहने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि यदि वे रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों या हवाई अड्डे की ओर यात्रा कर रहे हैं, तो जाम की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर ही घर से निकलें।

Youthwings