स्कूल की आड़ में चल रहा चर्च: प्रधान पाठक पर संरक्षण देने का आरोप, जिम्मेदार अधिकारियों को खबर तक नहीं

बतौली: छत्तीसगढ़ के बतौली विकासखंड के दूरस्थ ग्राम पंचायत तेलाईधार स्थित मिशन प्राथमिक/माध्यमिक शाला में शिक्षा की आड़ में धर्म प्रचार का मामला सामने आया है। इस स्कूल में हर रविवार को नियमित रूप से चर्च का संचालन किया जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी कोई जानकारी तक नहीं है।

क्षेत्र का एकमात्र शैक्षणिक संस्थान:

यह स्कूल कोरकोटपारा क्षेत्र का एकमात्र शैक्षणिक संस्थान है, जहाँ कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई होती है। बताया जा रहा है कि यह मिशन स्कूल पिछले करीब 50 वर्षों से संचालित हो रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में यहां शिक्षा के साथ-साथ धर्म प्रचार की गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। हर रविवार को स्कूल परिसर में धार्मिक सभाएं होती हैं और चर्च संचालन किया जाता है।

सरकारी ज़मीन पर निजी धार्मिक गतिविधियाँ

गौर करने वाली बात यह भी है कि यह स्कूल अर्धशासकीय है, लेकिन इसके संचालन के लिए ग्राम पंचायत द्वारा शासकीय भूमि उपलब्ध कराई गई है। बावजूद इसके, वर्षों से इसी सरकारी ज़मीन पर चर्च का संचालन हो रहा है, जो नियमों के खिलाफ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में स्कूल के प्रधान पाठक शनिलाल तिग्गा की सीधी भागीदारी है, जो कथित रूप से अपने धर्म के प्रचार-प्रसार में संलिप्त हैं।

प्रशासन सख्त, होगी जांच

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बतौली के बीईओ शरदचंद्र मेषपाल ने कहा कि स्कूल परिसर में चर्च संचालन करना नियम विरुद्ध है। इस विषय में प्रधान पाठक से जवाब तलब किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल के प्रधान पाठक शनिलाल तिग्गा का कहना है कि उन्हें छत्तीसगढ़ मंत्रालय से चर्च संचालन की अनुमति प्राप्त है, इसलिए यह गतिविधियाँ नियमित रूप से की जा रही हैं।

Youthwings