“पापा की अस्थियां लौटा दो…” खाली कलश लेकर थाने पहुंचे मासूम भाई-बहन, जानिए क्या है मामला?
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना उस वक्त स्तब्ध रह गया, जब 10 वर्षीय मासूम बालक अपनी 7 साल की बहन के साथ हाथ में खाली अस्थि कलश लेकर थाने पहुंचा और अपने पिता की अस्थियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। बच्चों की नम आंखें और खाली कलश देखकर पुलिसकर्मी भी भावुक हो उठे।
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भारतीय नगर निवासी ठाकरे परिवार से जुड़ा है। मृतक आलोक ठाकरे पेशे से ठेकेदार थे। परिजनों के अनुसार, आलोक की पत्नी कुछ समय पहले विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई थी। बताया जा रहा है कि पत्नी को वापस लाने के लिए आलोक ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका भी दायर की थी, जिस पर पुलिस को पत्नी को तलाश कर पेश करने के निर्देश मिले थे, लेकिन वह नहीं मिल सकी।
पत्नी से बिछड़ने के सदमे में आलोक की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और कुछ दिन पहले उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजनों ने भारतीय नगर स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया।
परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के कुछ समय बाद आलोक की पत्नी अचानक घर पहुंची, जहां मोहल्लेवालों और परिवार से विवाद हो गया। इसके बाद वह मुक्तिधाम पहुंचकर पन्नी में आलोक की अस्थियां भरकर ले गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है।
इधर, अपने पिता की अस्थियां चोरी होने की जानकारी मिलने पर दोनों मासूम बच्चे खाली अस्थि कलश लेकर सिविल लाइन थाने पहुंच गए और पिता की अस्थियां लौटाने की गुहार लगाई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू ने बताया कि मृतक की पत्नी और बच्चों दोनों ने अलग-अलग आवेदन दिए हैं। पत्नी ने बच्चों को अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई है, जबकि बच्चों ने अस्थियां चोरी होने की शिकायत की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अस्थियां चोरी हुई हैं या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
