सीएम विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणा, महिलाओं को जल्द मिलेगा रेडी-टू-ईट का काम, फ्लिपकार्ट पर बिकेंगे प्रोडक्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में पॉलिसी वॉच इंडिया फाउंडेशन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाग लिया। इस अवसर पर सीएम ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही स्वसहायता समूह की महिलाओं को रेडी-टू-ईट उत्पाद बनाने का काम सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचने पर जोर दिया गया।

महिलाओं को मिलेगा ऑनलाइन बिक्री का अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास में लगी हैं। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी का संकल्प है कि 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाया जाए, और अब तक लगभग 2 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं।

सीएम ने बताया कि फ्लिपकार्ट के जरिए महिलाएं अब सीधे अपने उत्पाद फोन पर बेच सकेंगी। जशपुर के महुआ का उपयोग अब शराब के अलावा लड्डू, अचार और सैनेटाइजर बनाने में भी किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि “महतारी वंदन” योजना का पैसा उनके खाते में आ रहा है और इसका लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं। महिलाओं ने इस पर पुष्टि करते हुए कहा कि योजना का लाभ सही तरीके से उन्हें मिल रहा है।

कार्यक्रम में महिलाओं की उपस्थिति

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने सीएम के कार्यक्रम की सराहना की। इस पहल से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा और उनका उत्पाद व्यापक रूप से बाजार में पहुंच सकेगा।

Youthwings