Chhattisgarh Tourism: कश्मीर की याद दिला रही भोरमदेव घाटी, VIDEO हुआ वायरल
Chhattisgarh Tourism
Chhattisgarh Tourism: हसीन वादियां, दिलकश मौसम और पहाड़ों पर छाई सफेद चादर… अगर आपको लग रहा है कि यह नजारा कश्मीर का है, तो ज़रा रुकिए! दरअसल, यह मनमोहक दृश्य छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले की भोरमदेव घाटी का है, जहां बीते दो दिनों की लगातार बारिश ने मौसम को इतना सुहावना बना दिया है कि घाटी का नजारा बिल्कुल कश्मीर की घाटियों जैसा लग रहा है।
प्रदेश में पश्चिम बंगाल तट के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र इन दिनों छत्तीसगढ़ के मौसम को खासा प्रभावित कर रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और पर्वतीय क्षेत्रों में घनी धुंध ने समूचे वातावरण को एक रहस्यमय और खूबसूरत चादर में लपेट दिया है।
भोरमदेव घाटी में बर्फ सी दिखने लगी सफेदी
बारिश और नमी के असर से भोरमदेव की पहाड़ियों पर फैली धुंध ऐसी प्रतीत हो रही है, मानो बर्फ की चादर ओढ़ ली हो। ये नज़ारा पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है। सोशल मीडिया पर यहां के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जहां लोग इन वादियों को “छत्तीसगढ़ का कश्मीर” कह रहे हैं।
घनी धुंध से घट रही दृश्यता
हालांकि इस खूबसूरत मौसम के बीच थोड़ी परेशानी भी सामने आ रही है। घाटी में छाई घनी धुंध की वजह से दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
पर्यटकों के लिए बना आकर्षण का केंद्र
बारिश के बाद हरियाली से ढकी भोरमदेव की घाटियां, सफेद धुंध और ठंडी हवा का एहसास अब पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। स्थानीय होटल और रिसॉर्ट्स में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है।
निचले इलाकों में भी झमाझम बारिश से राहत
सिर्फ पहाड़ी इलाके ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर जैसे शहरों में भी बादलों की गड़गड़ाहट और रिमझिम फुहारों ने उमस से राहत दी है।
