छत्तीसगढ़ ऑनलाइन जुआ-सट्टा में नंबर-1, बीजेपी-कांग्रेस ने एक दूसरे पर फोड़ा ठीकरा
रायपुर। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने वर्ष 2023 की रिपोर्ट जारी की है, जिसमें खुलासा हुआ है कि ऑनलाइन जुआ और सट्टा मामलों में छत्तीसगढ़ पूरे देश में पहले स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में ऐसे 52 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। आंकड़े सामने आते ही प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है।
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा नेता और प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने इस रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की पिछली सरकार के दौरान ही ऑनलाइन जुए-सट्टे की जड़ें मजबूत हुई थीं। भाजपा नेता का दावा है कि वर्तमान सरकार लगातार इस अवैध कारोबार पर नकेल कस रही है और आने वाले समय में इस ग्राफ में गिरावट जरूर देखने को मिलेगी।
कांग्रेस का पलटवार
इधर, भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस नेता और प्रदेश प्रवक्ता विनोद तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि ऑनलाइन सट्टा एप और प्लेटफॉर्म्स का नियंत्रण केंद्र सरकार के अधीन है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब यह कारोबार खुलेआम चल रहा है तो केंद्र सरकार इसे बंद क्यों नहीं कर रही? विनोद तिवारी ने यह भी बताया कि भूपेश सरकार के दौरान राज्य में 600 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की गई थी और स्वयं तत्कालीन मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इन एप्स को बंद करने की मांग की थी।
बढ़ सकती है सियासी जंग
एनसीआरबी की रिपोर्ट सामने आने के बाद दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। जहां भाजपा इसे कांग्रेस सरकार की ‘विफलता’ बता रही है, वहीं कांग्रेस भाजपा और केंद्र सरकार पर जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगा रही है।
