छत्तीसगढ़ में 1 दिसंबर से 200 यूनिट तक आधा बिजली बिल, 36 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ

200 यूनिट तक आधा बिजली बिल,

200 यूनिट तक आधा बिजली बिल,

रायपुर: छत्तीसगढ़ में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक दिसंबर से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की कि राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल की सुविधा मिलेगी। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 36 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

400 यूनिट तक खपत करने वालों को भी अगले एक वर्ष तक राहत

सरकार ने बताया कि जो उपभोक्ता 200 से 400 यूनिट तक बिजली खर्च करते हैं, उन्हें भी अगले एक साल तक 200 यूनिट तक आधा बिल देने की राहत दी जाएगी। यह सुविधा लगभग 6 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगी। इस अवधि में उन्हें अपने घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

सोलर प्लांट पर राज्य सरकार दे रही अतिरिक्त सब्सिडी

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि पीएम सूर्यघर योजना के तहत राज्य सरकार अतिरिक्त आर्थिक सहायता दे रही है—

1 किलोवाट सोलर प्लांट पर 15,000 रुपये की सब्सिडी

2 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले प्लांट पर 30,000 रुपये की सब्सिडी

सरकार का मानना है कि यह पहल प्रदेश को सौर ऊर्जा की ओर तेजी से आगे बढ़ाएगी और आने वाले समय में उपभोक्ता आधे बिल से शून्य बिल की तरफ बढ़ सकेंगे।

विपक्ष का तंज—जनता का दबाव बढ़ा, तभी लिया फैसला

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार जनता के बढ़ते आक्रोश के कारण ऐसे कदम उठाने को मजबूर हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष 400 यूनिट तक बिजली बिल पूर्णत: फ्री करने की मांग जारी रखेगा।

 

Youthwings