नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचेगा नेटवर्क, छत्तीसगढ़ में लगेंगे 513 नए 4G टावर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने डिजिटल भारत निधि के तहत बीएसएनएल के माध्यम से राज्य में 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति दे दी है।
सीएम विष्णुदेव साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने एक्स (ट्विटर) पोस्ट में इसकी जानकारी देते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ में डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत बीएसएनएल के माध्यम से 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाए जाने की स्वीकृति दी गई है। नक्सली उन्मूलन के प्रयासों के प्रतिफल की ये पहली कड़ी है।”
सीएम साय ने आगे कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से न केवल इन क्षेत्रों में इंटरनेट और मोबाइल की सुविधा मिलेगी, बल्कि जनता के वित्तीय समावेशन (फाइनेंशियल इंक्लूजन) की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

प्रधानमंत्री और मंत्रियों का आभार
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का विशेष आभार व्यक्त किया है।
यह पहल विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को मजबूत करेगी, जिससे सुरक्षा बलों के अभियानों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
