धान खरीदी से पहले बड़ी कार्रवाई: हड़ताल पर अड़े 5 समिति प्रबंधकों की सेवाएं समाप्त

बर्खास्त

बर्खास्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कल यानी 15 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी से पहले राज्य सरकार ने हड़ताली सहकारी समिति अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पांच समिति प्रबंधकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं, जबकि कई अन्य कर्मचारी कार्य पर लौटने लगे हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए राज्य की 2058 पैक्स समितियों के अधीन संचालित 2739 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हालांकि, पैक्स समितियों के कर्मचारियों की चार सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही हड़ताल ने इस प्रक्रिया को खतरे में डाल दिया था।

कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई

राज्य शासन द्वारा हड़ताली कर्मचारियों को कार्य पर लौटने के निर्देश और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कई कर्मचारियों ने इसकी परवाह नहीं की। इसके परिणामस्वरूप 14 नवंबर को पांच समिति प्रबंधकों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं….

– प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति छाती (धमतरी) के नरेन्द्र साहू
– बोरतलाव समिति (राजनांदगांव) के ईश्वर श्रीवास
– पैक्स सोसाइटी चांपा के गोविंद नारायण मिश्रा
– गठुला समिति (राजनांदगांव) के किशुन देवांगन
– सेवा सहकारी समिति लखनपुर के चंद्रप्रताप सिंह

हड़ताल का प्रभाव

हड़ताल के कारण धान खरीदी की तैयारियों के साथ-साथ रबी ऋण वितरण और पीडीएस जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियां प्रभावित हुई थीं। हालांकि, इस कठोर कार्रवाई के बाद अब कई समिति प्रबंधक और कर्मचारी कार्य पर लौट रहे हैं, जिससे धान खरीदी प्रक्रिया के समय पर शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

 

Youthwings