छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल चुनाव: मतगणना 13 अक्टूबर से, हाई कोर्ट ने मांगी प्रगति रिपोर्ट

रायपुर — छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल के बहुप्रतीक्षित चुनाव को लेकर सोमवार को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। स्टेट बार काउंसिल की ओर से कोर्ट को सूचित किया गया कि 30 सितंबर को मतदान की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, और अब 13 अक्टूबर से मतगणना शुरू की जाएगी, जिसकी अधिसूचना 6 अक्टूबर को पहले ही जारी की जा चुकी है।

बार काउंसिल ने यह भी बताया कि मतगणना एक जटिल और समयसाध्य प्रक्रिया है, जिसे पूरा होने में लगभग एक माह का समय लग सकता है। कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर 2025 को तय की है।

6 वर्षों बाद हो रहा है चुनाव, याचिका में उठे थे गंभीर मुद्दे

गौरतलब है कि पिछले छह सालों से बार काउंसिल का चुनाव नहीं कराया गया था, जिससे अधिवक्ताओं के कल्याण से जुड़े कई कार्य ठप हो गए थे। इसी को लेकर एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसमें यह कहा गया कि निर्वाचित प्रतिनिधियों के अभाव में वेलफेयर फंड, आपात सहायता और संगठनात्मक निर्णय ठप पड़े हैं।

हाई कोर्ट ने इस लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया और स्टेट बार काउंसिल — दोनों से जवाब मांगा था और चुनाव की पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए गाइडलाइन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

मतगणना का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:

मतगणना की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न होगी। इसके बाद 20 से 22 अक्टूबर तक दीपावली अवकाश रहेगा। अवकाश के पश्चात मतगणना कार्य 24 अक्टूबर से पुनः शुरू किया जाएगा। पूरी मतगणना प्रक्रिया हाई कोर्ट परिसर स्थित स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

 

 

Youthwings