छत्तीसगढ़ खेल अवॉर्ड पर फिर बवाल: आधे से ज्यादा नाम विवादित, चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल अवॉर्ड को लेकर जारी अंतरिम सूची एक बार फिर विवादों में फंस गई है। खेल विभाग ने वर्ष 2023 और 2024 के लिए कुल 76 खिलाड़ियों और कोचों के नाम घोषित किए, लेकिन इनमें से 64 नामों पर आपत्ति दर्ज हो गई। सवाल यह है कि जब आधे से ज्यादा नाम विवादित हो गए, तो विभाग की चयन प्रक्रिया कितनी पारदर्शी है? अब निगाहें 31 अगस्त को होने वाली निर्णयन समिति की बैठक पर टिकी हैं। देखना होगा कि खिलाड़ियों की नाराजगी दूर होगी या खेल अवॉर्ड एक बार फिर विवादों में उलझकर रह जाएगा।

वीर हनुमान सिंह अवॉर्ड पर फिर बवाल
हर साल की तरह इस बार भी कोचों को दिए जाने वाले वीर हनुमान सिंह अवॉर्ड पर विवाद खड़ा हो गया है। सूची में किक बॉक्सिंग कोच तारकेश मिश्रा का नाम शामिल किया गया, जबकि कयाकिंग-केनोइंग कोच अशोक साहू ने इसे चुनौती दी है। उनका कहना है कि किक बॉक्सिंग को मान्यता मिले पांच साल भी पूरे नहीं हुए, फिर भी नामांकन कैसे हो गया? जबकि कयाकिंग-केनोइंग लगातार नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ को मेडल दिला रहा है।

इनाम मिला, लेकिन अवॉर्ड रोका गया
महासमुंद के हैंडबॉल खिलाड़ी मनीष चंद्राकर ने भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि 2023 नेशनल गेम्स में उनकी टीम ने कांस्य पदक जीता और खिलाड़ियों को नगद इनाम भी मिला। लेकिन अवॉर्ड की बारी आने पर विभाग ने मान्यता का बहाना बनाकर रोक लगा दी। उन्होंने सवाल उठाया—“अगर हैंडबॉल की मान्यता पर विवाद है, तो वॉलीबॉल पर अलग पैमाना क्यों अपनाया गया?”

टीम गेम्स में एक से ज्यादा नाम?
खिलाड़ियों ने टीम गेम्स के चयन पर भी सवाल उठाए हैं। सूची में नेटबॉल से अपूर्व यदु और राजेश राठौर तथा सॉफ्टबॉल से भूपेंद्र कुमार गढ़े का नाम शामिल किया गया। अब खेल जगत में यह सवाल गूंज रहा है कि टीम गेम्स में एक से ज्यादा खिलाड़ी को अवॉर्ड कैसे दिया जा सकता है?

पैरा तीरंदाजों की अनदेखी
सबसे बड़ी आपत्ति पैरा तीरंदाजी को लेकर है। प्रदेश तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी कैलाश मुरारका ने आरोप लगाया कि 2023 और 2024 में पैरा तीरंदाजों ने पदक जीते, फिर भी उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया। उन्होंने सवाल किया—“क्या दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियां खेल विभाग के लिए कोई मायने नहीं रखतीं?”

बड़े सवाल

  • 76 नामों में से 64 पर आपत्ति—क्या चयन प्रक्रिया सिर्फ दिखावा है?
  • वीर हनुमान सिंह अवॉर्ड हर साल विवादों में क्यों घिरता है?
  • पदक जीतने के बावजूद खिलाड़ी अवॉर्ड से वंचित क्यों?
  • पैरा तीरंदाजों की अनदेखी का जिम्मेदार कौन?

 

Youthwings