Chhattisgarh SIR Update: चुनावी गणित बदल सकता है, 27.34 लाख नाम कटने के बाद अंतिम सूची में सिर्फ 1.90 करोड़ मतदाता
Chhattisgarh SIR Update: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) ने प्रदेश की चुनावी तस्वीर बदल दी है। ड्राफ्ट रोल से 27.34 लाख नाम हटाए जाने के बाद केवल 2.95 लाख लोगों ने 13 फरवरी तक दोबारा नाम जोड़वाने के लिए आवेदन किया। ऐसे में अंतिम मतदाता सूची में लगभग 19 लाख से अधिक मतदाताओं की कमी तय मानी जा रही है।
SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदेश में कुल 2,12,30,737 मतदाता दर्ज थे। 23 दिसंबर को प्रारंभिक प्रकाशन के साथ ही 27,34,817 नाम हटाए गए और संख्या घटकर 1,84,95,920 रह गई। अब तक प्राप्त आवेदनों को जोड़ने पर अंतिम मतदाता संख्या लगभग 1.90 करोड़ रहने का अनुमान है।
नाम कटने की मुख्य वजहें
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 6,42,234 नाम मृतकों के पाए जाने पर हटाए गए। लगभग 1.75 लाख नाम डबल एंट्री के कारण सूची से बाहर किए गए। सबसे बड़ी संख्या, 19,13,540, ऐसे मतदाताओं की है जो शिफ्ट हो चुके थे, पते पर नहीं मिले या सत्यापन में अनुपस्थित रहे। SIR के दौरान 6.13 लाख मतदाताओं तक BLO नहीं पहुँच सके। कई पते पुराने थे, कुछ घर बंद मिले और कई लोग अन्य शहरों में जा चुके थे।
एआई आधारित जांच में सामने आई विसंगतियां
सॉफ्टवेयर और AI आधारित सत्यापन में नाम की वर्तनी में अंतर, उपनाम का गायब होना, परिवार के सदस्यों की प्रविष्टि में गड़बड़ी और निर्धारित 13 वैध दस्तावेजों में से कोई उपलब्ध न होना जैसी छोटी विसंगतियों के कारण कई नाम हटाने पड़े।
अंतिम सूची और चुनावी असर
नाम जोड़वाने के लिए आवेदन की समय-सीमा 13 फरवरी को समाप्त हो गई। अब 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। राजनीतिक दल और चुनाव विश्लेषक इस सूची पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि यह आगामी चुनावों में चुनावी समीकरण बदल सकती है। यह पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी की गई है।
