मरा हुआ समझकर कर दिया क्रियाकर्म, फिर घर लौट आया ‘मृतक’ युवक.. पढ़ें क्या है पूरा मामला

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक युवक, जिसे मृत मानकर परिवार ने उसका क्रियाकर्म तक कर दिया था, अचानक जिंदा घर लौट आया। यह देखकर परिवार और गांव के लोग स्तब्ध रह गए। अब यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है आखिर कुएं में मिली लाश किसकी थी?

दरअसल, बीते शनिवार को मानपुर क्षेत्र के एक कुएं में एक अज्ञात शव मिला था। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पहचान के लिए सूचना भेजी। इस पर चंद्रपुर निवासी परिवार ने उस शव को अपने बेटे पुरुषोत्तम के रूप में पहचान लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंपा, और पूरे रीति-रिवाज के साथ शव का अंतिम संस्कार किया गया।

क्रियाकर्म के दौरान जब रिश्तेदार घर पर पहुंचे, तो हैरान रह गए—जिसका संस्कार किया जा चुका था, वह पुरुषोत्तम खुद घर पर मौजूद था। देखते ही देखते गांव में यह खबर फैल गई और लोग हैरान रह गए कि फिर कुएं में मिली लाश आखिर किसकी थी?

पुलिस ने दोबारा खोली फाइल
अब पुलिस ने मामले की फाइल फिर से खोल दी है। जांच टीम ने बताया कि शव से मिले कपड़े और अन्य सामान सुरक्षित रखे गए हैं। इन्हीं के आधार पर अज्ञात मृतक की पहचान की जाएगी। यदि परिवार दावा करता है कि शव उनके बेटे का नहीं था, तो कब्र से शव निकालकर जांच की जा सकती है।

यह अजीबोगरीब मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही डीएनए और अन्य जांच के जरिए सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Youthwings