Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर, अलग-अलग हादसों में स्कूली छात्र समेत 5 की मौत, कई घायल
Raipur Accident News
Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं के बाद पूरे प्रदेश में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बिलासपुर में स्कूली छात्र की मौत
बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। 12 वर्षीय छात्र जयवंत पटेल साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस खेत में जा घुसी। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोरबा में 3 युवकों की मौके पर मौत
कोरबा जिले में कोयले से भरी ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर, मंगल सिंह और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की।
बालोद में तीन गाड़ियों की टक्कर
बालोद जिले के NH-30 पर मरकाटोला घाट के पास तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोरमी में स्कूटी सवार की मौत
लोरमी में तेज रफ्तार माजदा वाहन ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
बढ़ती लापरवाही बन रही मौत की वजह
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से सख्त कार्रवाई और बेहतर ट्रैफिक नियंत्रण की मांग उठ रही है।
