छत्तीसगढ़ को 664 करोड़ की सड़क सौगात, 5 जिलों में 174 KM सड़कों का होगा कायाकल्प

664 करोड़ की सड़क सौगात

664 करोड़ की सड़क सौगात

रायपुर: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को सशक्त बनाने के लिए 664 करोड़ 67 लाख रुपए की बड़ी मंजूरी दी है। यह राशि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) से प्रदान की जाएगी। इसके तहत राज्य के पांच जिलों में करीब 174 किलोमीटर सड़कों के मजबूतीकरण, चौड़ीकरण और उन्नयन का कार्य किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग को भेजा गया स्वीकृति आदेश

मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में राशि स्वीकृति का आदेश राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव को भेज दिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।

इन जिलों में होंगे सड़क विकास कार्य

लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए चार प्रमुख सड़क प्रस्तावों को केंद्र सरकार ने स्वीकृति दी है—

मुंगेली जिला: कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग के 21 किमी हिस्से में फोरलेन सड़क निर्माण हेतु 156.33 करोड़ रुपए

कांकेर जिला: कांकेर–भानुप्रतापपुर–संबलपुर मार्ग के 48.4 किमी हिस्से के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के लिए 130.63 करोड़ रुपए

सुकमा से महासमुंद तक सुधरेगी कनेक्टिविटी

सुकमा–दंतेवाड़ा मार्ग: 68 किमी लंबाई में टू-लेन सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण हेतु 230.85 करोड़ रुपए

गरियाबंद जिला: राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के 35.5 किमी हिस्से के उन्नयन के लिए 146.86 करोड़ रुपए

इन परियोजनाओं से राज्यीय राजमार्ग और मुख्य जिला मार्गों की स्थिति बेहतर होगी तथा यातायात सुगम बनेगा।

read more : झीरम घाटी मामले में बयान देकर बुरे फंसे विकास तिवारी, कांग्रेस ने प्रवक्ता पद से हटाया

अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। ये परियोजनाएं बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेंगी।

समय-सीमा में पूरे होंगे सभी कार्य: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में सड़क निर्माण एवं उन्नयन के लिए 8092 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जा चुकी है और सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएंगे।

 

Youthwings