Chhattisgarh Political News: व्हाट्सएप की लड़ाई सड़क तक आई! कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर पुरंदर मिश्रा का तीखा तंज
Chhattisgarh Political News: व्हाट्सएप ग्रुप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थकों के बीच हुई तीखी बहस को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इसे कांग्रेस में अंदरूनी विभाजन का संकेत बताया।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है। एक तरफ टीएस सिंहदेव हैं, दूसरी तरफ भूपेश बघेल और तीसरी ओर चरण दास महंत। कांग्रेस नेताओं का कोई भरोसा नहीं कि वे कब क्या बयान दे दें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले तीन सालों में न जाने कांग्रेस और क्या-क्या बोलेगी।
मनरेगा नाम बदलने पर भी कांग्रेस पर हमला
मनरेगा का नाम बदलकर ‘जी राम जी’ किए जाने को लेकर कांग्रेस के चरणबद्ध आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन है। उन्होंने दावा किया कि पहले की तुलना में अब सवा गुना ज्यादा काम मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी अंतिम समय में ‘हे राम’ कहा था। अगर विरोध करने वाले राम को नहीं मानते, तो वे गांधी को क्या मानेंगे?
प्रधानमंत्री और मंत्रियों का जताया आभार
भाजपा विधायक ने ‘जी राम जी’ योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे बेवजह विरोध कर रहे हैं। ऐसे बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
ओएसडी हटाए जाने पर कांग्रेस को जवाब
साय सरकार के मंत्रियों के ओएसडी हटाए जाने को कांग्रेस द्वारा पैसों की लड़ाई बताए जाने पर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जो व्यक्ति ठीक से काम नहीं करेगा या लापरवाही बरतेगा, उसे हटाया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में कोई भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 3500 करोड़ रुपये का शराब घोटाला हुआ। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी भ्रष्टाचार है, तो शिकायत करें, कार्रवाई जरूर होगी।
