सुकमा में बड़ी सफलता: 33 लाख के इनामी समेत 20 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा। छत्तीसगढ़ पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को कुल 20 नक्सलियों ने सुकमा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इनमें 9 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। सरेंडर करने वालों में एक एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर), 4 पार्टी सदस्य और 15 अग्र संगठन सदस्य शामिल हैं। खास बात यह है कि आत्मसमर्पण करने वालों में PLGA बटालियन की एक सक्रिय हार्डकोर महिला नक्सली भी रही।

33 लाख के इनामी नक्सली पुलिस के हत्थे

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से कई पर भारी इनाम घोषित था। इनमें—

  • 2 नक्सलियों पर ₹8-8 लाख का इनाम
  • 1 नक्सली पर ₹5 लाख का इनाम
  • 4 नक्सलियों पर ₹2-2 लाख का इनाम
  • 4 नक्सलियों पर ₹1-1 लाख का इनाम घोषित था।

इस तरह कुल ₹33 लाख इनामी नक्सली पुलिस के समक्ष हथियार डालकर मुख्यधारा में लौट आए।

ऑपरेशन और पुनर्वास नीति से दबाव

सुकमा पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग ऑपरेशन ने नक्सलियों पर गहरा दबाव डाला है। अधिकारियों के मुताबिक, यही दबाव नक्सलियों के आत्मसमर्पण की बड़ी वजह बना।

साथ ही, सरकार द्वारा चलाए जा रहे नियद नेल्ला नार योजना और पुनर्वास नीतियों ने भी नक्सलियों को हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन की नीति के तहत सभी लाभ दिए जाएंगे। प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि आने वाले समय में और भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज से जुड़ेंगे।

 

Youthwings