छत्तीसगढ़ में 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन अंतिम, सरकारी नौकरी की प्रक्रिया जल्द शुरू
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बैठक, 20 खेलों के खिलाड़ी शामिल, प्रशासनिक विभाग को भेजी गई सूची
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया। इन 20 अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को जल्द ही शासकीय सेवा में नियुक्ति दी जाएगी।
156 खिलाड़ियों की सूची को मिली मंजूरी
बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम स्वरूप प्रदान किया गया। इसमें 20 अलग-अलग खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं। इस सूची को सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा, जिसके बाद नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि चयनित खिलाड़ियों का अनुभव और उपलब्धियां प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और मार्गदर्शन में किया जाना चाहिए। सरकार का लक्ष्य गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय रहते पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है।
अब तक 182 खिलाड़ी हो चुके हैं घोषित
बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जा चुके हैं। वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के लिए पूर्व में विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें से 156 खिलाड़ी पात्र पाए गए। राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से इस सूची की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था, जिसका सकारात्मक असर हुआ है।
Read more-
Raipur Bulldozer Action: सुबह 5 बजे पहुंचा बुलडोजर… रायपुर के इस स्कूल में आखिर ऐसा क्या बन रहा था?
