BIG NEWS : बर्खास्तगी से भड़के NHM कर्मचारी, दिया सामूहिक इस्तीफा

रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की बर्खास्तगी के बाद आंदोलन और तेज हो गया है। बर्खास्तगी से नाराज कर्मचारियों ने गुरुवार को प्रदेशभर में अपने-अपने जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को सामूहिक इस्तीफा सौंपा। रायपुर, बलौदाबाजार, कांकेर और बस्तर समेत कई जिलों में कर्मचारियों ने एक साथ इस्तीफे देकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

बलौदाबाजार और कांकेर में सामूहिक इस्तीफे

बलौदाबाजार जिले में 421 एनएचएम कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा सीएमएचओ को सौंपा। वहीं, कांकेर जिले में 655 स्वास्थ्यकर्मियों ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी को इस्तीफा दिया। कर्मचारियों का कहना है कि शासन लगातार अनदेखी कर रहा है और उनकी 10 सूत्री मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

बस्तर में सबसे बड़ा इस्तीफा आंदोलन

बस्तर जिले में आंदोलन का सबसे बड़ा असर देखने को मिला। यहां 887 एनएचएम कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा देकर शासन के खिलाफ मोर्चा और मजबूत कर दिया। जिला अध्यक्ष शकुंतला ने कहा, “हमने कई बार बातचीत की कोशिश की, लेकिन शासन की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। जब 10 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया, तब मजबूरन पूरे प्रदेश में इस्तीफे देने का फैसला लिया गया।”

हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

एनएचएम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं। इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं पर असर पड़ने से आम मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार की कार्रवाई और आगे का फैसला

नोटिस के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटने पर सरकार ने अब तक 35 एनएचएम अधिकारी-कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी है। इससे कर्मचारियों का गुस्सा और बढ़ गया है। रायपुर सीएमएचओ कार्यालय के सामने भी एनएचएम कर्मचारियों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।
सीएमएचओ प्रभारी बीके ठाकुर ने बताया कि, “सभी इस्तीफे शासन को भेजे जाएंगे और आगे का निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।”

 

Youthwings