Chhattisgarh Morning News: नए साल के पहले दिन एक्शन मोड में सरकार, सीएम साय लेंगे अफसरों की बैठक, मोहन भागवत सामाजिक सद्भावना बैठक में होंगे शामिल
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: नए साल के पहले दिन छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अफसरों की अहम बैठक लेंगे, जबकि RSS प्रमुख मोहन भागवत सामाजिक सद्भावना बैठक में शामिल होंगे। भोरमदेव कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन होगा, रायपुर में हेलमेट बाइक रैली निकलेगी और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके अलावा रक्तदान शिविर और मैत्री बाग के नए फूड कोर्ट की भी शुरुआत होगी।
1 जनवरी को सीएम साय की अफसरों संग अहम बैठक
नए साल 2026 के पहले ही दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शासन की रफ्तार तेज करने के इरादे से मंत्रालय में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। यह बैठक सुबह 11:30 बजे महानदी भवन में शुरू होगी। बैठक में सभी सचिवों और विभागाध्यक्षों को बुलाया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बैठक में शासन की प्राथमिकताएं, आगामी कार्ययोजनाएं और सुशासन से जुड़े अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इस बैठक को सरकार के कामकाज को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
सामाजिक सद्भावना बैठक में RSS प्रमुख मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत आज छत्तीसगढ़ दौरे के तीसरे दिन रायपुर में सामाजिक सद्भावना बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर परिसर में आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों की भागीदारी रहेगी। बैठक में सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और समकालीन सामाजिक विषयों पर मंथन किया जाएगा।
भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमिपूजन
नए साल की शुरुआत छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात के साथ होने जा रही है। प्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भोरमदेव के विकास के लिए लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना का 1 जनवरी को भूमिपूजन किया जाएगा।
यह परियोजना केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत स्वीकृत है। भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के करकमलों से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
रायपुर में निकलेगी हेलमेट बाइक रैली
सड़क सुरक्षा माह के तहत राजधानी रायपुर में आज हेलमेट बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे छत्तीसगढ़ महतारी चौक से रैली की शुरुआत होगी।
इस रैली के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों और हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत पूरे महीने जागरूकता कार्यक्रम चलेंगे और नियमों का पालन करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मशाल गौरव यात्रा
छत्तीसगढ़ पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। इसी कड़ी में आज मशाल गौरव यात्रा की शुरुआत होगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सुबह 10:30 बजे नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से मशाल को हरी झंडी दिखाएंगे।
इस यात्रा के जरिए प्रदेशभर में ट्राइबल गेम्स के प्रति जागरूकता और उत्साह फैलाया जाएगा।
साई मंदिर में रक्तदान शिविर
दुर्ग जिले में नए साल के अवसर पर सन्ना ब्लड सेंटर भिलाई द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। सिविल लाइन कसारीडीह स्थित साई मंदिर में यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए हेलमेट, बैग और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
मैत्री बाग में शुरू हुआ नया फूड कोर्ट
भिलाई के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मैत्री बाग में पर्यटकों के लिए नया फूड कोर्ट तैयार किया गया है। प्रगति मीनार के सामने बने इस फूड कोर्ट में चाउमीन, पनीर चिली, पास्ता, सैंडविच जैसे व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।
इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार और जू के सामने भी नए फूड और सर्विस काउंटर लगाए गए हैं, जिससे सैलानियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
