Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री साय दुर्ग दौरे पर, दिल्ली में CWC की अहम बैठक, बजरंग दल के कार्यकर्ता देंगे गिरफ्तारी, पढ़े आज सुबह की प्रमुख खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक आज सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे आदिवासी समाज के कार्यक्रम और खेल आयोजन में शामिल होंगे। वहीं दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक में मनरेगा और अरावली समेत कई बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। दूसरी ओर राजधानी रायपुर में मैग्नेटो मॉल तोड़फोड़ मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाना पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग दौरे पर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए दुर्ग के लिए रवाना होंगे। दुर्ग पहुंचने के बाद वे दोपहर 12:30 बजे हल्बा आदिवासी समाज के मिलन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे दुर्ग में आयोजित वॉलीबॉल चैंपियनशिप कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम करीब 4:30 बजे राजधानी रायपुर वापस लौटेंगे।

दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक

दिल्ली में आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी से जुड़े कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में मनरेगा योजना का नाम बदलने के प्रस्ताव और अरावली से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों समेत अन्य विषयों पर मंथन होगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे।

बजरंग दल के कार्यकर्ता देंगे गिरफ्तारी

राजधानी रायपुर में आज बजरंग दल के कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी देने की तैयारी में हैं। बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता सिविल लाइन थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे। यह कार्रवाई 24 दिसंबर को मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना से जुड़ी है। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की थी, जिसके बाद अब बजरंग दल की ओर से गिरफ्तारी देने का ऐलान किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है।

Youthwings