Chhattisgarh Morning News: सीएम साय आज जशपुर दौरे पर, SIR फॉर्म की अंतिम तिथि, प्रदेश में कड़ाके की ठंड

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की आज की बड़ी खबरें, सीएम विष्णुदेव साय का जशपुर दौरा, SIR फॉर्म भरने की अंतिम तारीख, युवा महोत्सव 2025 की तैयारी और प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। हाल ही में 12 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद वे गुरुवार को कुनकुरी क्षेत्र में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम साय सुबह 11:30 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से रवाना होंगे। दोपहर 12:50 बजे ग्राम सलियाटोली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4:15 बजे वे रायपुर स्थित सिविल लाइन मुख्यमंत्री निवास वापस पहुंचेंगे।

SIR फॉर्म भरने की आज अंतिम तिथि, मतदाता सूची संशोधन की समय-सारिणी जारी

रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के लिए फॉर्म भरने की आज अंतिम तिथि है। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 23 दिसंबर को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा।

23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज करने की अवधि रहेगी। नोटिस जारी करने का समय 23 दिसंबर से 14 फरवरी तक निर्धारित है। मापदंडों की जांच 17 फरवरी को होगी तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

युवा महोत्सव 2025 का पोस्टर आज होगा विमोचन, मंत्री अरुण साव करेंगे प्रेसवार्ता

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास पर दोपहर 12:30 बजे प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा महोत्सव 2025 की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी तथा महोत्सव के पोस्टर का विमोचन भी किया जाएगा।

PCC अध्यक्ष दीपक बैज रायगढ़ दौरे के दूसरे दिन ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात

रायगढ़। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज रायगढ़ जिले के दौरे पर हैं। यह उनके प्रवास का दूसरा दिन है। बुधवार को रायगढ़ पहुंचकर उन्होंने संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया।

आज सुबह लगभग 11 बजे वे विकासखंड तमनार के धौराभाठा गांव जाएंगे, जहां ग्रामवासियों से मुलाकात और चर्चा करेंगे। दोपहर करीब 3 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 7 बजे तक रायपुर पहुंच जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड जारी, अंबिकापुर सबसे ठंडा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शीतलहर का दौर बरकरार है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में महसूस की गई, जहां पारा 6 डिग्री से नीचे चला गया। वहीं पेंड्रा रोड में तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

श्रीमद् भागवत कथा

  •  आयोजक: वर्मा परिवार
  •   स्थान: इंद्रप्रस्थ फेस-2 कॉलोनी, रायपुरा
  •   समय: दोपहर 2:30 बजे से

राष्ट्रीय सम्मेलन

  •  आयोजक: महावीर इंटरकांटिनेंट सर्विस आर्गनाइजेशन एवं छत्तीसगढ़ निःशक्तजन वित्त विकास निगम
  •   स्थान: एयरपोर्ट रोड स्थित जैनम सभागृह
  •   समय: सुबह 11 बजे से
Youthwings