Chhattisgarh Morning News : छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष में राज्यभर में गतिविधियों की धूम, गाइडलाइन दरों पर बढ़ा विवाद, क्रिकेट में अरहम का कमाल
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में पर्यटन बोर्ड 8 से 21 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में 14 आकर्षक पर्यटन कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इन गतिविधियों में फोटोग्राफी, स्लोगन, यात्रा संस्मरण जैसी ऑनलाइन प्रतियोगिताएँ शामिल हैं, जिनकी एंट्री भेजने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2025 तय की गई है।
इसके अलावा व्यंजन, लोकनृत्य, क्विज़, रंगोली, पेंटिंग, संगोष्ठी, मेहंदी और क्रिएटर्स वर्कशॉप जैसी ऑफ़लाइन प्रतिस्पर्धाएँ भी विभिन्न पर्यटन इकाइयों व रिसॉर्ट्स में होंगी। प्रतिभागियों के लिए नगद पुरस्कार, मानदेय और रिसॉर्ट स्टे भी रखे गए हैं। पर्यटन बोर्ड ने लोगों से उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।
गाइडलाइन दरों में वृद्धि पर कांग्रेस का हमला—“जनमत के खिलाफ फैसला”
रायपुर। राज्य में गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक तकरार तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार ने बिना सुझाव और आपत्ति प्रक्रिया के अचानक दरें बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया है।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गाइडलाइन दरों में भारी वृद्धि से रजिस्ट्री का खर्च 10 गुना तक बढ़ गया, जिससे जमीन खरीदना आम लोगों के लिए लगभग असंभव होता जा रहा है। उनका दावा है कि 50 हजार की रजिस्ट्री अब लगभग 5 लाख रुपये तक पहुँच गई है, जिसके चलते राज्य में रजिस्ट्री औसत 90% तक घट गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे महिलाओं और कारोबारियों पर पुलिस कार्रवाई की जा रही है, और यह फैसला जमीन खरीदने वाले किसानों व मध्यमवर्गीय परिवारों को अपराधी बनाने जैसा है। कांग्रेस ने इस “तुगलकी फरमान” को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
अरहम की घातक गेंदबाजी—बिहार 123 रन पर ढेर
ग्वालियर। कैप्टन रुप सिंह स्टेडियम में आयोजित बीसीसीआई अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के गेंदबाज अरहम नाहर ने शानदार प्रदर्शन किया। बिहार की टीम पहली पारी में सिर्फ 123 रन पर सिमट गई।
अरहम ने अपने 9.1 ओवर में 37 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके साथ अर्शवीर सिंह भाटिया ने 2 और यथार्थ सिंह चौहान ने 1 विकेट लिया। बिहार से अमन कुमार ने सर्वाधिक 66 रन बनाए। छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था।
आज रायपुर में होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
सूर्योपासना महापर्व
संस्था: जगद्गुरु श्रीशंकराचार्य आश्रम
स्थान: बोरियाकला
समय: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे
वर्सी महोत्सव – ध्वजारोहण और पाठ साहब का शुभारंभ
संस्था: संत बाबा गेलाराम ट्रस्ट
स्थान: गोदड़ीवाला धाम, देवपुरी
समय: सुबह 9 बजे से
संयुक्त बैठक
संस्था: छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन व महाराष्ट्र मंडल
स्थान: महाराष्ट्र मंडल भवन, चौबे कॉलोनी
समय: शाम 5 बजे से
PSC निःशुल्क कोचिंग
संस्था: विकास परिषद
स्थान: नूतन स्कूल, RDA कॉलोनी, टिकरापारा
समय: शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक
योग क्लास
संस्था: सत्यदर्शन योगाश्रम
स्थान: सिविल लाइन स्थित योगाश्रम भवन
समय: शाम 5 से 6 बजे तक
