Chhattisgarh Morning News: सीएम साय का एमपी दौरा, महतारी अस्मिता यात्रा आज, CG TET आवेदन 8 दिसंबर तक, रायपुर में कई आयोजन
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9 बजे रायपुर से रवाना होकर ग्वालियर के लिए उड़ान भरेंगे, जहां वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम साय रायगढ़ जाएंगे और अघोर गुरुपीठ में दर्शन करेंगे। शाम 5 बजे वे रायगढ़ से रायपुर वापस लौटेंगे।
छत्तीसगढ़ महतारी अस्मिता यात्रा आज
रायपुर में 35 सामाजिक संगठनों द्वारा आज छत्तीसगढ़ महतारी अस्मिता यात्रा निकाली जाएगी। यह रैली आमापारा से शुरू होकर तात्यापारा और शारदा चौक होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचेगी, जहां महतारी की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल लोक भवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा।
यात्रा को देखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है। अधिकारी पूरे दिन रूट और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते रहे।
सीजी TET आवेदन की अंतिम तिथि 8 दिसंबर
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (CG TET) के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है।
आवेदन की अंतिम तिथि: 8 दिसंबर शाम 5 बजे
फॉर्म सुधार तिथि: 9 से 11 दिसंबर
परीक्षा तिथि: 1 फरवरी (दो पालियों में)
प्रवेश पत्र जारी: 23 जनवरी
राज्य के 20 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
रायपुर में आज कई कार्यक्रम
1. संगीत संध्या का आयोजन
फ्रेंड्स म्यूजिकल ग्रुप आज मायाराम सुरजन हॉल, रावाभांठा मैदान में संगीत संध्या आयोजित करेगा। इसमें प्रोफेशनल और शौकिया गायक कुमार शानू और उदित नारायण के सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देंगे। प्रवेश पूरी तरह निश्शुल्क है।
2. राष्ट्रीय सुरक्षा पर संगोष्ठी
राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच द्वारा “भारत की आंतरिक सुरक्षा पर प्रभाव” विषय पर दोपहर 2.30 बजे अग्रसेन भवन, पुरानी बस्ती में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
इसमें पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, सिंधु–बलोच आंदोलन, POK और POGB में मानवाधिकार उल्लंघन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
मदरसा बोर्ड की अवसर परीक्षा 9 दिसंबर से
छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार अवसर परीक्षा 9 से 17 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा समय सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।
कई जिलों में केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें उर्दू कन्या स्कूल रायपुर, सिमगा, महावीरगंज, पेंड्रा, बैकुंठपुर और भिलाई शामिल हैं।
214 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने MD–MS (2022 बैच) की दो वर्षीय अनुबंध सेवा के लिए 214 अभ्यर्थियों की प्रावीण्य सूची जारी की है।
किसी भी त्रुटि पर अभ्यर्थी 5 से 8 दिसंबर दोपहर 12 बजे तक मेडिकल कॉलेज रायपुर में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आपत्ति के साथ मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। देर से मिली आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
