Chhattisgarh Morning News: कैबिनेट बैठक, CM साय का दौरा, IND vs SA मैच की तैयारियां और आज की बड़ी सुर्खियाँ
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई महत्वपूर्ण गतिविधियों और बड़े फैसलों के साथ शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक, अंबागढ़ चौकी दौरा, IND vs SA मैच के लिए कड़े ट्रैफिक इंतज़ाम और रायपुर एयरपोर्ट पर दो साल बाद एअर कार्गो सेवा की शुरूआत ने आज की सुर्खियों को और भी खास बना दिया है। इसके अलावा धान खरीदी व्यवस्था और जमीन की नई गाइडलाइन दरों को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज़ है।
साय कैबिनेट की बैठक आज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे नया रायपुर में मंत्रिपरिषद की अहम बैठक होगी।
इसमें धान खरीदी, विधानसभा के शीतकालीन सत्र और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।
रायपुर जिले में अब तक 10.57 लाख क्विंटल धान खरीदा जा चुका है और 22,321 किसान समर्थन मूल्य पर धान बेच चुके हैं।
CM विष्णुदेव साय का अंबागढ़ चौकी दौरा
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के दौरे पर रवाना होंगे।
वे दोपहर 12:45 बजे नया रायपुर से प्रस्थान करेंगे और जनजाति गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह के बाद वे शाम 3:30 बजे रायपुर लौट आएंगे।
IND vs SA मैच: स्टेडियम के लिए रूट प्लान जारी
आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर शहर में ट्रैफिक पुलिस ने खास व्यवस्था की है।
रायपुर शहर से आने वाले दर्शकों के लिए—
- तेलीबांधा
- सेरीखेड़ी ओवरब्रिज
- साईं अस्पताल पार्किंग
- सेंध तालाब पार्किंग
यहां से दर्शकों को पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।
अन्य जिलों से आने वालों के लिए—
- परसदा पार्किंग
- कोसा पार्किंग
यहां से भी पैदल ही स्टेडियम तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने 6 रूट जारी किए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
धान खरीदी में अव्यवस्था—कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला ने राज्यभर में धान खरीदी में अव्यवस्था का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा— किसानों की सहमति के बिना कर्ज वसूली की कटौती, हमाली और तौलाई के नाम पर वसूली, रकबा कटौती की शिकायतें, फर्जी गिरदावरी रिपोर्ट, परिवहन और मिलिंग की कमजोर व्यवस्था, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री और विधायक किसानों का सामना नहीं कर पा रहे हैं।
गाइडलाइन दरों में भारी वृद्धि—अमित जोगी का बयान
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने सरकार द्वारा जारी नई गाइडलाइन दरों को गरीब, मध्यम वर्ग और किसानों के खिलाफ आर्थिक हमला बताया।
उन्होंने कहा—
- शहरी क्षेत्रों में 20–40% तक बढ़ोतरी
- ग्रामीण क्षेत्रों में 50–500% तक वृद्धि
उनके अनुसार इससे जमीन खरीदना और घर बनाना मुश्किल हो जाएगा तथा आदिवासी हित प्रभावित होंगे।
रायपुर एयरपोर्ट से दो साल बाद कार्गो सेवा शुरू
रायपुर एयरपोर्ट पर दो साल बाद एअर कार्गो सेवा फिर शुरू की गई है। इसके बाद स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक और पार्सल भेजने के लिए अब नागपुर पर निर्भरता नहीं रहेगी।
नई सेवा के तहत रायपुर से—
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता सहित 10 बड़े शहरों तक पार्सल एक दिन में पहुंचेंगे। इससे डिलीवरी की गति बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को समय पर सेवाएं मिलेंगी।
व्यापम परीक्षा: सख्त ड्रेस कोड लागू
7 दिसंबर को होने वाली अमीन भर्ती परीक्षा के लिए ड्रेस कोड जारी किया गया है—
- पॉकेट वाले स्वेटर प्रतिबंधित
- डार्क कपड़े प्रतिबंधित
- छात्रों को चप्पल पहनकर परीक्षा देनी होगी
रायपुर के 106 केंद्रों पर 37,889 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।
