Chhattisgarh Morning News: सीएम साय आज रायपुर में विश्व मानक दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल, सचिवों की बैठक से लेकर मंत्री दौरों तक आज छत्तीसगढ़ में व्यस्त रहेगा दिन
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार का दिन प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मुख्य सचिव विकास शील, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री और नेता आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सीएम साय आज रायपुर में विश्व मानक दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित “विश्व मानक दिवस” कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। सीएम साय यहां उद्योग और गुणवत्ता मानकों को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देंगे।
मुख्य सचिव विकास शील की सचिवों के साथ उच्च स्तरीय बैठक
कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के बाद अब मुख्य सचिव विकास शील मंगलवार सुबह 10 बजे विभागीय सचिवों की बैठक लेंगे। इस बैठक में सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव शामिल होंगे। बैठक में पीएम गति शक्ति योजना, जेम पोर्टल से खरीदी, और मीडिया इंगेजमेंट पर प्रजेंटेशन दिया जाएगा। जनसंपर्क सचिव मीडिया से संवाद को और प्रभावी बनाने के लिए आगामी रणनीति भी प्रस्तुत करेंगे।
डिप्टी सीएम अरुण साव आज ‘सहयोग केंद्र’ में सुनेंगे जनता की समस्याएं
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज रायपुर स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय के सहयोग केंद्र में आम जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। यहां वे जनता से सीधे आवेदन लेकर समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करेंगे। बीजेपी का सहयोग केंद्र हर दिन अलग-अलग मंत्रियों के जरिए जनता की शिकायतें सुनने और निपटाने का काम कर रहा है।
एमपी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का छत्तीसगढ़ दौरा
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 10 बजे बिलासपुर से रवाना होकर रतनपुर पहुंचेंगे और महामाया मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे तिवर्ता (कोरबा) जाकर गुरुदादा महाराज श्री दुर्गा भगत के आश्रम में दर्शन करेंगे। दोपहर बाद वे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि विश्राम न्यू सर्किट हाउस, नवा रायपुर में करेंगे।
दगोरी रेलवे फाटक रहेगा बंद
रायपुर रेल मंडल के दगोरी-निपनिया सेक्शन में दगोरी समपार फाटक 15 अक्टूबर सुबह 9 बजे से 18 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान रेल पथ की मिडिल लाइन पर मरम्मत कार्य किया जाएगा, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित रहेगा।
फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण आज
भनपुरी स्थित छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण आज वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू और निगम अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। यह आधुनिक हॉल वातानुकूलित है और 150 लोगों की क्षमता रखता है। फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर बजाज ने बताया कि हॉल का उपयोग व्यापारिक बैठकों और औद्योगिक आयोजनों के लिए किया जाएगा।
किशोर न्याय अधिनियम पर अभिनव कार्यक्रम का शुभारंभ
महिला एवं बाल विकास विभाग आज किशोर न्याय अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभिनव कार्यक्रम का आयोजन करेगा। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में यह आयोजन रायपुर के खम्हारडीह स्थित शासकीय बालिका गृह में होगा। इस प्रशिक्षण में जिलों के अधिकारी, बाल संरक्षण समिति, किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण अधिकारी शामिल होंगे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का जांजगीर-सक्ति दौरा
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आज जांजगीर और सक्ती जिलों का दौरा करेंगे। यह उनका मंत्री बनने के बाद पहला दौरा होगा। वे हसौद, छपोरा और मालखरौदा में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और अडभार में मां अष्टभुजी देवी के दर्शन करेंगे। शाम को सक्ती जिला बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
पिछड़ा वर्ग आयोग की समीक्षा बैठक
छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरूराम निषाद और उपाध्यक्ष चंद्रकांति वर्मा आज दोपहर 12 बजे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग के क्रीमीलेयर निर्धारण पर भी चर्चा की जाएगी। अधिकारियों को संबंधित अभिलेखों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
राष्ट्रीय सेमिनार का समापन – अग्रसेन कॉलेज, पुरानी बस्ती, सुबह 10 बजे
फेडरेशन हॉल का लोकार्पण – भनपुरी चौक, दोपहर 12 बजे
