Chhattisgarh Morning News: राज्यपाल डेका का गौरेला-पेंड्रा-मरवाही दौरा, CM साय जाएंगे बालोद, NSUI करेगी गृह मंत्री निवास का घेराव

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में मंगलवार का दिन कई बड़ी गतिविधियों से भरा रहेगा। राज्यपाल रमेन डेका आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे पर रहेंगे, वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बालोद जिले के प्रवास पर जाएंगे। रायपुर में NSUI आज गृह मंत्री निवास का घेराव करेगी। इसके अलावा बस्तर दशहरा लोकोत्सव में आज इंडियन आइडल विजेता पवनदीप सिंह लाइव परफॉर्म करेंगे और दुर्ग जिले में युवाओं के लिए प्लेसमेंट कैंप का आयोजन होगा।

राज्यपाल रमेन डेका का आज जीपीएम दौरा

राज्यपाल रमेन डेका आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रवास पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे बैकुंठपुर से रवाना होकर दोपहर 1 बजे विश्राम गृह गौरेला पहुंचेंगे। वहां भोजन के बाद दोपहर 3:30 बजे कलेक्टर कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे। बैठक के उपरांत वे सड़क मार्ग से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बालोद दौरा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मंत्रालय में बैठक करेंगे और इसके बाद बालोद जिले के बड़े जुंगेरा गांव पहुंचेंगे। यहां वे मां कौशल्या धाम में आयोजित रामकृष्ण दास महात्यागी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से बालोद के लिए रवाना होंगे और शाम 4:55 बजे रायपुर लौट आएंगे।

NSUI करेगी गृह मंत्री निवास का घेराव

रायपुर में NSUI आज गृह मंत्री निवास का घेराव करेगी। संगठन का कहना है कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, नशाखोरी और छात्र नेताओं पर दर्ज हो रही फर्जी FIR के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी भी रायपुर पहुंचेंगे। घेराव का मार्ग कांग्रेस भवन से गांधी मैदान, OCM चौक होते हुए गृह मंत्री निवास तक रहेगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा।

भाजपा कार्यालय में सहयोग केंद्र का दूसरा दिन

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज सहयोग केंद्र का दूसरा दिन है। कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव आज कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। पहले दिन मंत्री टंकराम वर्मा ने केंद्र में मौजूद रहकर कार्यकर्ताओं की बातें सुनी थीं।

बस्तर दशहरा में आज पवनदीप का लाइव शो

जगदलपुर में चल रहे बस्तर दशहरा उत्सव का आज तीसरा दिन है। आज मां दंतेश्वरी और मां मावली की डोली की विदाई की रस्म संपन्न होगी। इस अवसर पर लालबाग मैदान में इंडियन आइडल विजेता और बॉलीवुड सिंगर पवनदीप सिंह लाइव परफॉर्म करेंगे। लगातार तीन दिनों से लालबाग मैदान संगीत और भक्ति के रंग में डूबा हुआ है।

दुर्ग में लगेगा प्लेसमेंट कैंप

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका है। दुर्ग जिले के रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में 7 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें 1022 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें किरोस सिक्योरिटी, निमिया हर्बल प्राइवेट लिमिटेड और एन्सपिरा मैनेजमेंट सर्विस जैसी कंपनियां शामिल होंगी।
इन पदों के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, स्नातक और प्रोफेशनल डिग्रीधारी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14,000 से 25,000 रुपए तक वेतन मिलेगा। उम्मीदवारों को मूल दस्तावेज और पहचान पत्र के साथ पंजीयन करना होगा।

रायपुर में आज के कार्यक्रम

  • शरदोत्सव: सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में दोपहर 12:15 बजे से आयोजन।
  • ऑडिशन: एआर इवेंट्स व ब्रॉड इवेंट्स द्वारा अम्बुजा मॉल में दोपहर 2 बजे से।
  • करम परब: छत्तीसगढ़ उरांव आदिवासी परिषद द्वारा गोंडवाना भवन टिकरापारा में सुबह 8 बजे से।
  • औषधियुक्त खीर वितरण: माँ गायत्री शक्तिपीठ में सुबह 7 बजे से।
  • हेलमेट जागरूकता अभियान: लायंस क्लब रायपुर कैपिटल द्वारा दुर्गा विद्यालय में दोपहर 12 बजे से।

जैन समाज का शरदोत्सव आज

सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आज “शरदोत्सव” का आयोजन विधानसभा परिसर जीरो पॉइंट रायपुर में किया जाएगा। दोपहर 12:15 बजे से श्रीभक्तामर पाठ और 12:45 बजे से जबलपुर के भजन गायक अवशेष जैन द्वारा संगीतमय भजनांजलि प्रस्तुति होगी।

Youthwings