Chhattisgarh Morning News: अमित शाह आज बस्तर दशहरा में होंगे शामिल, CM साय करेंगे युवा कवि सम्मेलन में शिरकत, पढ़ें दिनभर का शेड्यूल
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है। सुबह 11 बजे वे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर रवाना होंगे और वहां बस्तर दशहरे में शामिल होंगे। इस दौरान वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और मंचीय कार्यक्रम में बस्तर की जनता को संबोधित करेंगे। अमित शाह इस दौरान बस्तर को नक्सल मुक्त करने का संकल्प दोहराएंगे।
सीएम विष्णुदेव साय के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज जगदलपुर के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सुबह 11:15 बजे वे रायपुर से रवाना होंगे और अमित शाह के साथ मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा करेंगे। दोपहर 12:30 बजे मुरिया दरबार और 1:25 बजे लालबाग के मंचीय कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। शाम को वे रायपुर लौटकर दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित युवा कवि सम्मेलन में शामिल होंगे।
महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त
अमित शाह आज जगदलपुर से महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। इस बार 65 लाख से ज्यादा महिलाओं को 606.94 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में मिलेंगे। अब तक इस योजना के तहत 12,983 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है। सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक साबित हो रही है।
कांग्रेस का आरोप – एग्री स्टेक पोर्टल बंद
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया है कि धान खरीदी के लिए अनिवार्य एग्री स्टेक पोर्टल में पंजीयन बंद हो गया है। लाखों किसान पंजीयन से वंचित हैं और डाटा गड़बड़ी, खसरा खतौनी मिलान जैसी समस्याओं के कारण किसान परेशानी में हैं। कांग्रेस ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
रायपुर में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा
बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज से रायपुर में पांच दिन की हनुमंत कथा शुरू करेंगे। अवधपुरी मैदान गुढ़ियारी में आठ अक्टूबर तक चलने वाली इस कथा के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
प्रतिभाओं का सम्मान समारोह
आज शांति नगर स्थित विमतारा भवन में दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न क्षेत्रों की छत्तीसगढ़ी प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर गीत-संगीत, कविता पाठ और ‘हमर चिन्हारी’ पत्रिका की वेबसाइट का लोकार्पण भी होगा।
शहर में आज के कार्यक्रम
- करवा चौथ सेलिब्रेशन – संगिनी महिला मंडल, समता कॉलोनी (3:30 बजे से)
- नाट्य मंचन ‘मैं अनिकेत हूँ’ – महाराष्ट्र मंडल चौबे कॉलोनी (7 बजे)
- पारंपरिक रंगोली प्रशिक्षण – टाउन हॉल, नगर घड़ी चौक (सुबह 11 बजे)
- नवपद ओली सारस – विवेकानंद नगर (सुबह 6 बजे)
- महामृत्युंजय हवन – सत्य दर्शन योग आश्रम, गांधी उद्यान (शाम 6 बजे)
