Chhattisgarh Morning News: सीएम का कार्यक्रम, युवा कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस और शिक्षा विभाग की बड़ी कवायद

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज कई अहम घटनाएं और कार्यक्रम सुर्खियों में हैं। मुख्यमंत्री से लेकर शिक्षा विभाग और खेल जगत तक, पढ़िए सुबह की सभी बड़ी अपडेट्स—

पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर 12 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। यहां वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

राजीव भवन में युवा कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

रायपुर के राजीव भवन में दोपहर 1 बजे युवा कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इस पीसी में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहेंगे। कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।

नए व्याख्याताओं के लिए ओपन काउंसिलिंग शुरू

शिक्षकों के पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद अब नए व्याख्याताओं को स्कूल आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रायपुर के शासकीय शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में 25 से 28 सितंबर तक ओपन काउंसिलिंग होगी।

  • 25 सितंबर: संस्कृत और गणित विषय की काउंसिलिंग

  • 26 सितंबर: राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, इतिहास, भौतिकी, जीव विज्ञान, वाणिज्य, भूगोल और रसायन

  • 27 सितंबर: हिंदी और अर्थशास्त्र

  • 28 सितंबर: पहले तीन दिनों में अनुपस्थित रहने वाले व्याख्याताओं के लिए अंतिम मौका
    पूरी जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

भारतीय जूनियर हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ की अनिशा

छत्तीसगढ़ की अनिशा साहू का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। टीम ऑस्ट्रेलिया में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा लेगी। यह दौरा दिसंबर 2025 में होने वाले जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप की तैयारियों का हिस्सा है। भारत पांच मैच खेलेगा—पहले तीन मैच ऑस्ट्रेलिया जूनियर महिला टीम से और बाकी दो कैनबरा चिल टीम के खिलाफ होंगे।

दुर्गा कॉलेज में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता

दुर्गा महाविद्यालय, रायपुर को इस साल की राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित करने की जिम्मेदारी मिली है। शुभारंभ समारोह में राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और कॉलेज के पूर्व छात्र शशि बघेल मुख्य अतिथि रहे। रायपुर सेक्टर सहित 11 जोन की 11 टीमें भाग ले रही हैं और कुल 10 मैच खेले जाएंगे। इस बार नियमों में बदलाव करते हुए टीम में 12 की बजाय 14 खिलाड़ी शामिल किए जा रहे हैं और पहले के 10 सेक्टर की जगह 11 सेक्टर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

Youthwings