Chhattisgarh Morning News : रायपुर में आज धूमधाम से होंगे कई बड़े आयोजन, CM साय दिखाएंगे नई ट्रेन को हरी झंडी, विशाल कांवड़ यात्रा और जन जागरण अभियान भी आज

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: आज राजधानी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह से ही व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे वे सीएम हाउस से रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद 11:30 बजे वे विशाल कांवड़ यात्रा में हिस्सा लेंगे। शाम 5 बजे नए विधानसभा भवन का निरीक्षण करेंगे और फिर शाम 6:30 बजे एक निजी चैनल के विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे।

79वें स्वतंत्रता दिवस पर “हर घर तिरंगा” अभियान

राज्यभर में 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 2 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह तीन चरणों में होगा—

  • पहला चरण: 2 से 8 अगस्त

  • दूसरा चरण: 9 से 12 अगस्त

  • तीसरा चरण: 13 से 15 अगस्त
    इनके दौरान रंगोली प्रतियोगिता, सेल्फी कैंपेन, प्रश्नोत्तरी, तिरंगा राखी आदि कार्यक्रम होंगे। इसकी जिम्मेदारी संस्कृति विभाग ने संभाली है।

रायपुर में विशाल कांवड़ यात्रा

आज रायपुर पश्चिम से एक भव्य कांवड़ यात्रा निकलेगी। विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में यह यात्रा गुढियारी हनुमान मंदिर से शुरू होकर हटकेश्वरनाथ मंदिर, रायपुरा तक जाएगी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे होगा, जिसमें भारी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे।

इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ

मुख्यमंत्री साय आज सुबह 9:30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, आरपीएफ आईजी मुन्नवर खुर्शीद और मंडल रेल प्रबंधक दयानंद मौजूद रहेंगे।

धर्मांतरण के खिलाफ जन जागरण अभियान

सुबह 8 बजे से जन जागरण अभियान यात्रा निकाली जाएगी, जो कुंदरापारा से मधुपिल्लै चौक तक जाएगी। आयोजकों का कहना है कि धर्मांतरण और प्रलोभन के खिलाफ यह यात्रा जनता को जागरूक करने के लिए है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव का बलौदाबाजार दौरा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज साहू समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे समाज के नए भवन का लोकार्पण करेंगे और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे। साथ ही गार्डन चौक में अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति का लोकार्पण करेंगे और नालंदा लाइब्रेरी भवन निर्माण का भूमिपूजन करेंगे।

राज्य सरकार करेगी कलाकारों का सम्मान

संस्कृति विभाग ने घोषणा की है कि राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों को 11 राज्य स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इसके लिए 15 सितंबर तक आवेदन मांगे गए हैं।

रायपुर के अन्य कार्यक्रम

  • दंपतियों का सम्मान: वृंदावन हॉल में 50 वर्ष का वैवाहिक जीवन पूर्ण कर चुके 72 दंपतियों का सम्मान (सुबह 10 बजे से)।

  • अध्यात्म शाला: श्री अभिनंदन स्वामी मंदिर, आम्रपाली परिसर (दोपहर 2 से 4 बजे तक)।

  • मैथिलीशरण गुप्त जयंती: जलविहार कॉलोनी उद्यान में प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि (सुबह 11 बजे)।

  • सुर संगम म्यूजिकल कार्यक्रम: किशोर कुमार की जयंती पर शहीद स्मारक भवन में सुर संगम म्यूजिकल ग्रुप द्वारा प्रस्तुति।

  • अंताक्षरी आश्रम: महाराष्ट्र मंडल में नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता (सुबह 9 बजे से)।

Youthwings