Chhattisgarh Morning News: विधानसभा में धर्म स्वतंत्र विधेयक, सीएम का जशपुर दौरा और मौसम का बदला मिजाज
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज की सुबह राजनीतिक, प्रशासनिक और मौसमीय गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाली है।
विधानसभा में आज बड़ा दिन
सबसे पहले बात करें विधानसभा की, तो बजट सत्र का 14वां दिन आज कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ शुरू होगा। सदन में आज धर्म स्वतंत्र विधेयक पेश किया जाएगा, जिसे गृह मंत्री विजय शर्मा प्रस्तुत करेंगे। सरकार की कोशिश है कि चर्चा के बाद इसी दिन इस विधेयक को पारित भी करा लिया जाए। इस विधेयक में धर्मांतरण को रोकने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं।
प्रश्नकाल में भी आज कई अहम मुद्दे उठेंगे। मंत्री विजय शर्मा और श्याम बिहारी जायसवाल सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। इस दौरान आयुष्मान योजना, सड़क सुरक्षा निधि और पुलिस भवन जैसे विषय चर्चा में रहेंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत फोर्टीफाइड चावल वितरण में अनियमितता का मुद्दा उठेगा, जिस पर विधायक ओंकार साहू के सवाल का जवाब खाद्य मंत्री देंगे। वहीं विशेष सहायता योजना की राशि के दुरुपयोग के मुद्दे पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन को जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री का जशपुर दौरा
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री का आज जशपुर दौरा भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर में जशपुर पहुंचेंगे, जहां वे दीपू बगीचा में आयोजित सरहुल पूजा में शामिल होंगे। इसके बाद सरनाटोली और कल्याण आश्रम में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और शाम तक रायपुर लौटेंगे।
मौसम ने ली करवट
मौसम की बात करें तो रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा), गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 35.2°C रहा। आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।
