Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, रायपुर में 37°C; आज विधानसभा में बजट पर चर्चा और CM साय के कई कार्यक्रम

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News:

 

छत्तीसगढ़ में चढ़ा पारा, रायपुर में 37°C दर्ज

छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।

रविवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

सिनोप्टिक सिस्टम का प्रभाव

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार से झारखंड होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि इसके प्रभाव से फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसम परिवर्तन के संकेत नहीं हैं।

आज कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर में हल्की धुंध के आसार

रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार आज 9 मार्च को सुबह हल्की धुंध रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

विधानसभा बजट सत्र का आज छठवां दिन

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज छठवां दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसके बाद विभिन्न विभागों और संस्थाओं की वार्षिक रिपोर्टें सदन के पटल पर रखी जाएंगी।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा भी की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण विभाग के सड़क-पुल कार्यों पर बहस होगी।

सदन में पेश होंगी कई महत्वपूर्ण रिपोर्ट

प्रश्नकाल के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा अधिनियम से जुड़े वार्षिक प्रतिवेदन, सहकारी संस्थाओं की ऑडिट रिपोर्ट, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की रिपोर्ट और छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन की वार्षिक रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जाएंगी।

अफ़ीम की खेती का मुद्दा गरमा सकता है सदन

दुर्ग में एक बीजेपी नेता द्वारा कथित अफ़ीम की खेती का मुद्दा आज सदन में गरमा सकता है। कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रश्नकाल से ही सरकार को घेरने की तैयारी में है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का दिन भी व्यस्त रहेगा। सुबह वे भारत सेवा आश्रम जाएंगे। इसके बाद रायपुर के होटल कोर्टयार्ड बाय मैरिएट में CII छत्तीसगढ़ एनुअल मीटिंग 2026 में शामिल होंगे।

दोपहर में वे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर बजट सत्र की कार्यवाही में भाग लेंगे।

Youthwings