Chhattisgarh Morning News: दो जिलों के दौरे पर CM साय, BJP संयुक्त मोर्चा की बैठक आज, मध्यान्ह भोजन पर सियासत तेज
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और धार्मिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर से लेकर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया जिले तक विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सुबह 11:30 बजे सीएम साय भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 12:50 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:05 बजे पोड़ी के मालवीय नगर स्थित मंगल भवन में लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। फिर श्री जगन्नाथ मंदिर, पोड़ी में दर्शन करेंगे। शाम 5 बजे बैकुंठपुर (जिला कोरिया) पहुंचकर 7:10 बजे झुमका बोट क्लब में ओपन एयर थिएटर का लोकार्पण करेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस बैकुंठपुर में होगा।
भाजपा के संयुक्त मोर्चा की बैठक
रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज सुबह 11 बजे भाजपा के सातों मोर्चों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। महिला, युवा, किसान, एसटी, एससी और ओबीसी मोर्चा के प्रतिनिधि रणनीति पर चर्चा करेंगे। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर फोकस रहेगा।
डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज का आगमन
डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज सोमवार शाम 4:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे और दो दिनों तक राजधानी में प्रवास करेंगे। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक नितिन अग्रवाल के आमंत्रण पर आ रहे हैं। श्रद्धालु स्वर्ण भूमि स्थित निवास पर दर्शन कर सकेंगे।
मध्यान्ह भोजन योजना पर सियासत
प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर मध्यान्ह भोजन योजना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीसीसी प्रवक्ता वंदना राजपूत ने दावा किया कि बीते 40 दिनों से बच्चों को पोषण आहार नहीं मिल रहा, जिससे स्कूलों में उपस्थिति प्रभावित हो रही है। रसोइया संघ की हड़ताल और दो महिलाओं की मौत का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
राजधानी में अन्य कार्यक्रम
आज रायपुर में गौरव यात्रा का नगर आगमन होगा, जहां तात्यापारा चौक स्थित शिवाजी महाराज प्रतिमा के समक्ष धर्मसभा आयोजित की जाएगी। अग्रवाल सभा द्वारा सालासर धाम छोकरा नाला में वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें दुग्धाभिषेक, सवामणी, महाभंडारा और भजन संध्या जैसे कार्यक्रम होंगे।
वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा विधानसभा मार्ग स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर और नवा रायपुर सेक्टर-20 में आध्यात्मिक प्रदर्शनी शाम 5 से रात 10 बजे तक आयोजित की जाएगी।
