Chhattisgarh Morning News: BJP की बड़ी तैयारी, छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान; अबूझमाड़ और सिंगापुर पर भी नजर

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: सेवा ज्योति यात्रा से लेकर शहरी आवास के राष्ट्रीय सम्मान तक, अबूझमाड़ के बदले चेहरे और CM साय के सिंगापुर दौरे पर रहेगी नजर

छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम खबरों के साथ शुरू हो रहा है। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक हुई है, वहीं प्रदेश के शहरी गरीबों के लिए चल रही पीएम आवास योजना को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। अबूझमाड़ में कभी सुरक्षा बलों का कैंप रहे परिसर में अब आदिवासी बच्चों की पढ़ाई हो रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर दौरे पर हैं, जहां निवेश के साथ छत्तीसगढ़ की नई संभावनाओं पर चर्चा हो रही है।

7 अक्टूबर को पूरे छत्तीसगढ़ में निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा

भाजपा के सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रांतीय समीक्षा बैठक में 7 अक्टूबर को प्रदेशभर में सेवा ज्योति यात्रा निकालने का फैसला किया गया है। खास बात यह है कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा सीटों में एक साथ निकाली जाएगी। यात्रा शक्तिकेंद्रों और मंडल मुख्यालयों से होकर विधानसभा केंद्र तक पहुंचेगी।

इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग ज्योति कलश रथ तैयार किया जा रहा है। विधानसभा केंद्रों पर प्रधानमंत्री के लाइव भाषण की व्यवस्था भी की जाएगी। कार्यक्रमों के लिए विधानसभा वार एलईडी मंच और स्थल तय कर लिए गए हैं। बैठक में डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ को पीएम आवास योजना शहरी में राष्ट्रीय सम्मान

छत्तीसगढ़ के शहरी गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के अभियान को अब राष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है। पीएम आवास योजना शहरी के बेहतर क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को पीएम आवास योजना शहरी पुरस्कार-2026 के लिए सम्मानित किया जाएगा।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ को सम्मान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रदेश की ओर से डिप्टी सीएम अरुण साव समारोह में शामिल होंगे। योजना के तहत आवास निर्माण के साथ लंबित आवासों को पूरा कराने पर जोर दिया गया है। सरकार की कोशिश है कि हितग्राहियों को केवल पक्का मकान ही नहीं, बल्कि मूलभूत सुविधाओं से भी जोड़ा जाए। इससे छत्तीसगढ़ के शहरी आवास मॉडल को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

अबूझमाड़ में बदली तस्वीर, सुरक्षा कैंप बना बच्चों का छात्रावास

अबूझमाड़ के नारायणपुर में बदलाव की एक अलग तस्वीर सामने आई है। भाटपाल में करीब 15 साल तक सुरक्षा बलों का कैंप रहा परिसर अब आदिवासी बच्चों के लिए छात्रावास बन चुका है। जहां कभी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गतिविधियां होती थीं, वहीं अब इसी परिसर में बच्चे रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

बस्तर संभाग में अपनी तरह की इस पहली पहल के तहत कक्षा 6वीं से 10वीं तक के लिए छात्रावास में 100 सीटें हैं और फिलहाल 114 बच्चे निवासरत हैं। वहीं 11वीं और 12वीं के लिए 50 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें 39 विद्यार्थी रह रहे हैं। छात्रावास से महज 50 मीटर की दूरी पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित है। सुरक्षा कैंप से छात्रावास में बदला यह परिसर अब बदलते अबूझमाड़ और शिक्षा की ओर बढ़ते कदमों की मिसाल बन रहा है।

सिंगापुर दौरे पर CM साय, निवेश और ग्रीन डेवलपमेंट पर फोकस

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने Gardens by the Bay के अधिकारियों के साथ अहम चर्चा की। इस दौरान नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन को लेकर विशेषज्ञता लेने, शहरी हरियाली, वनस्पति संरक्षण और ईको-टूरिज्म जैसे मुद्दों पर मंथन हुआ।

मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने सिंगापुर के उद्योगपतियों के सामने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को रखा। उन्होंने MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश के लिए उद्योग जगत को आमंत्रित किया। दौरे के अगले चरण में 5 अक्टूबर को SING फोरम और 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय शामिल होंगे।

Youthwings