Chhattisgarh Mitanin Protest: मितानिनों ने जारी किया संयुक्त पत्र, अधिकारियों पर लगे आरोपों को बताया बेबुनियाद, प्रोत्साहन राशि रोकने की बात से किया इंकार
Chhattisgarh Mitanin Protest
पखांजूर (Pakhanjur News) | Chhattisgarh Mitanin Protest: कोयलीबेड़ा विकासखंड में मितानिनों से जुड़ा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। विकासखंड की कुल 653 मितानिनों में से 623 ने संयुक्त रूप से एक पत्र जारी करते हुए M.T., B.C. और S.P.S. पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। इन अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक वसूली और प्रोत्साहन राशि रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।
संयुक्त पत्र में मितानिनों ने साफ कहा है कि यह विवाद केवल कुछ गिने-चुने 25 से 30 मितानिनों का खड़ा किया हुआ है, जो गलत जानकारी फैलाकर संगठन की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। पत्र में यह भी लिखा गया है कि जिन अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं, वे हमेशा मितानिनों के साथ खड़े रहे हैं और हर परिस्थिति में सहयोग व मार्गदर्शन देते आए हैं।
मितानिनों ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रोत्साहन राशि को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन राशि न कभी रोकी गई है और न ही इसके वितरण में किसी तरह की देरी की गई है। यह राशि समय पर और पारदर्शिता के साथ मिलती रही है।
वहीं, इस पूरे विवाद पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने लिखित पक्ष बीएमओ को सौंप दिए हैं। बीएमओ कार्यालय ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है और कहा है कि जांच के बाद आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।
