छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड का भव्य आवास मेला 23 से 25 नवंबर तक: किफायती घरों के लिए बड़ा अवसर, 2000 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ

Chhattisgarh Housing Board

Chhattisgarh Housing Board

रायपुर: छत्तीसगढ़ में अपने घर का सपना देखने वालों के लिए इस सप्ताह महत्वपूर्ण अवसर आने वाला है। छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड 23 से 25 नवंबर तक रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित कर रहा है। इस आयोजन की घोषणा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। मेले में 1% दर पर बुकिंग, ऑन-स्पॉट साइट विजिट से लेकर बैंक फाइनेंस तक की सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

हाउसिंग बोर्ड अब कर्जमुक्त, 10 हजार से ज्यादा पुराने घर बिके—मंत्री का दावा

वित्तीय मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि 2023 में सरकार ने कार्यभार संभाला तब हाउसिंग बोर्ड 790 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा था। सरकार ने पिछले साल एकमुश्त भुगतान कर बोर्ड को कर्जमुक्त किया। बोर्ड के 10 हजार से अधिक पुराने मकान, जो वर्षों से बिना बिके पड़े थे, उन्हें OTS-2 योजना के माध्यम से बेचकर राजस्व बढ़ाया गया।

2060 करोड़ के नए प्रोजेक्ट, 600 करोड़ का रिकॉर्ड बिजनेस

हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने बताया कि 22 जिलों में लगभग 2060 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं, जो बोर्ड के इतिहास का सबसे बड़ा विस्तार है। पहले जहां 5 वर्षों में बोर्ड का कुल कारोबार 250 करोड़ तक सीमित था, वहीं इस वित्तीय वर्ष में बोर्ड ने 600 करोड़ का रिकॉर्ड बिजनेस हासिल किया है। मेले में आवास योजनाओं से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें BIS, वास्तुशास्त्र और रिन्यूएबल एनर्जी के स्टॉल भी शामिल होंगे, ताकि लोग घर से संबंधित हर जानकारी एक ही छत के नीचे पा सकें।

2000 करोड़ की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य भर में 2000 करोड़ रुपये की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। मेले में प्रदेशभर की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी। साथ ही स्पॉट बुकिंग, बैंक ऋण सुविधा, पंजीकरणकर्ताओं के लिए विशेष उपहार जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।इन नई योजनाओं में 70% आवास कमजोर आयवर्ग (EWS/LIG) के लिए आरक्षित रहेंगे।

राज्योत्सव में भारी उत्साह, सीएम और जनता ने दिखाई बड़ी रुचि

राज्योत्सव 2025 के दौरान हाउसिंग बोर्ड द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को नागरिकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। हजारों लोगों ने नवा रायपुर स्थित मेले में बोर्ड की योजनाओं का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी स्टॉल का निरीक्षण किया और बोर्ड के प्रयासों की सराहना की।

“2027 तक हर परिवार के पास अपना पक्का घर”—मंत्री ओपी चौधरी

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक हर परिवार के पास अपना पक्का घर हो। उन्होंने कहा— “यह राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेशवासियों के लिए किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक कदम साबित होगा।”

“लोगों को किफायती दरों पर पक्का घर देना हमारी प्रतिबद्धता” — अनुराग सिंहदेव

हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि पिछले दो वर्षों में बोर्ड ने कई जनहितैषी योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 विशेष रूप से सफल रही। इस योजना के तहत संपत्तियों के मूल्य में 30% तक की छूट देकर हजारों लोगों को किफायती घर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि आवास मेला “सबके लिए आवास” के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। सीएम साय बोले — “यह सिर्फ घरों का मेला नहीं, सपनों को आकार देने का उत्सव है”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा— “2,000 करोड़ की नई योजनाएं प्रदेश की आवासीय विकास यात्रा में नया अध्याय जोड़ेंगी। यह मेला सिर्फ घरों का नहीं, बल्कि सपनों को घर देने का एक उत्सव है।”

Youthwings