Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah : ‘तारक मेहता…’ में गूंजा छत्तीसगढ़ का नाम, पोपटलाल ने बताई राज्य की खासियत
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah । टीवी के लोकप्रिय शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में इन दिनों गणतंत्र दिवस विशेष कार्यक्रम दर्शकों को देखने को मिल रहा है। इस खास एपिसोड में आत्माराम तुकाराम भिड़े (मंदार चंदवाडकर) ने सोसाइटी के सदस्यों से भारत के अलग-अलग राज्यों से जुड़े सवाल पूछे।
कार्यक्रम के दौरान चिट के जरिए एक व्यक्ति और एक राज्य का नाम चुना गया। हर प्रतिभागी को अपने हिस्से में आए राज्य की विशेषता बतानी थी। जब पोपटलाल की बारी आई तो उनके हिस्से में छत्तीसगढ़ राज्य का नाम आया।
छत्तीसगढ़ की खासियत बताते हुए पोपटलाल ने कहा, “छत्तीसगढ़ की पहली विशेषता ये है कि वहां ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ बोला जाता है। अगर किसी का आभार व्यक्त करना हो तो ‘बने करे जी’ कहा जाता है। छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ी बोली जाती है।”
इस पर भिड़े ने हल्के-फुल्के अंदाज में टोका और कहा कि छत्तीसगढ़ में तो छत्तीसगढ़ी ही बोली जाएगी, जैसे गुजरात में गुजराती बोली जाती है। इसके बाद पोपटलाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर है।
गणतंत्र दिवस विशेष एपिसोड में इस तरह देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता और विशेषताओं को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
